हिमाचल में सरकारी नौकरियों की बहार: सुक्खू कैबिनेट ने दी 100 से अधिक पदों को मंजूरी
Sukhu cabinet approves more than 100 posts
शिमला। Himachal Pradesh government jobs boom: हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में शनिवार को कई अहम फैसले लिए गए। सीएम सुक्खू की अध्यक्षता में हुई बैठक में सरकारी नौकरियों की भी घोषणा की गई है। तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न सरकारी इंजीनियरिंग और फार्मेसी कॉलेजों में 60 जूनियर असिस्टेंट प्रोफेसर के पद भरने को मंजूरी दी।
इसके अलावा सहकारिता विभाग में दो सहायक पंजीयक और 30 निरीक्षक सहकारी समितियों के पद भरने की स्वीकृति दी गई।
शिक्षा विभाग के खेल छात्रावासों में 16 प्रशिक्षकों के पद भरने और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में तीन जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के पद भरने का निर्णय भी लिया गया।
पटवारी के 7 पद भरेंगे
मंत्रिमंडल ने वर्ष 2016 में चयनित पटवारी पद के शेष सात अभ्यर्थियों की नियुक्ति लाहुल-स्पीति और कुल्लू जिलों में खाली पदों के विरुद्ध भरने को मंजूरी दी।
अंशकालिक जल वाहकों की सेवाएं होंगी नियमित
इसके अलावा जिला सिरमौर में शिक्षा विभाग में कार्यरत अंशकालिक जल वाहकों (पार्ट टाइम वाटर कैरियर्स), जिन्होंने 31 मार्च 2025 तक 11 वर्ष की सेवा (7 वर्ष अंशकालिक और 4 वर्ष दैनिक वेतनभोगी) पूरी कर ली है, उनकी सेवाओं को नियमित करने का निर्णय भी लिया गया।
खरीड़ी खेल छात्रावास को मंजूरी
कैबिनेट ने जिला हमीरपुर के खरीड़ी स्थित खेल छात्रावास की क्षमता बढ़ाकर 100 बिस्तर करने तथा इसे राज्य स्तरीय खेल उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने को भी मंजूरी दी।
गगरेट में खुलेगा डीएसपी कार्यालय
बैठक में जिला ऊना के गगरेट में उपमंडलीय पुलिस कार्यालय स्थापित करने, नूरपुर पुलिस जिला के अंतर्गत कोटला पुलिस पोस्ट को पुलिस थाना में अपग्रेड करने तथा ऊना जिले के टाहलीवाल फायर पोस्ट को सब फायर स्टेशन में उन्नत करने का भी निर्णय लिया गया।
कोटखाई और पांवटा साहिब में खुलेंगे केंद्रीय विद्यालय
इसके अतिरिक्त कोटखाई और पांवटा साहिब में नए केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए शिक्षा मंत्रालय के पक्ष में भूमि हस्तांतरण को भी मंजूरी दी गई।
हिमुडा के भूमि पट्टे की अवधि बढ़ाई
कैबिनेट ने हिमुडा के पक्ष में भूमि पट्टे की अवधि 40 वर्ष से बढ़ाकर 80 वर्ष करने के लिए हिमाचल प्रदेश लीज नियम, 2013 के नियम 7 में संशोधन को भी स्वीकृति दी।