हिमाचल के सरकारी स्कूलों में छात्रों को मिलेगी स्टील बोतल, प्लास्टिक पर लगेगी लगाम
Students in Himachal government schools will get steel bottles
शिमला। Students in Himachal government schools will get steel bottles, राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सरकार पीने के पानी के लिए स्टेनलेस स्टील की बोतल देगी। विद्यार्थियों को यह बोतलें निश्शुल्क दी जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पिछले साल विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर इसकी घोषणा की थी।
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इसके लिए अब प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्री प्राइमरी से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों को यह पानी की बोतल दी जाएगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को सभी जिला उप निदेशकों (प्रारंभिक व उच्चतर) को पत्र जारी कर इस संबंध में आवश्यक जानकारी मांगी है।
निदेशक स्कूल शिक्षा विभाग आशीष कोहली की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि प्री-प्राइमरी से 5वीं कक्षा, 6वीं से 8वीं कक्षा और 9वीं से 12वीं कक्षा तक के सभी लाभार्थी छात्रों को स्टेनलेस स्टील की पानी की बोतलें वितरित की जाएगी।
योजना का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण को कम करना और बच्चों को सुरक्षित व पर्यावरण-अनुकूल विकल्प उपलब्ध कराना है। राज्य सरकार पहले ही सरकारी कार्यक्रमों में 500 मिलीलीटर तक की प्लॉस्टिक बोतलों पर प्रतिबंध लगा चुकी है। स्कूलों में भी विद्यार्थियों को प्लास्टिक बोतलों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के आदेश दिए गए थे।
सरकारी स्कूलों में प्री प्राइमरी से 12वीं तक करीब 8 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत है। पत्र में सभी उपनिदेशकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने जिले में कार्यरत 143 खंड परियोजना अधिकारियों की सूची, उनके मोबाइल नंबर, ईमेल पता, कुल छात्र संख्या (प्री-प्राइमरी से 12वीं तक) और आवश्यक बोतलों की संख्या की जानकारी 30 अप्रैल तक निदेशालय को उपलब्ध कराएं। तय समय पर यह जानकारी मिलने के बाद ही बोतलों का आबंटन शुरू किया जाएगा।
यह योजना पूरे राज्य के सरकारी स्कूलों में लागू होगी और छात्रों को सुरक्षित पीने का पानी उपलब्ध कराने में मदद करेगी। पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती यह पहल छात्रों में स्वस्थ आदतों को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्लास्टिक कचरे को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगी।