झारखंड राज्यसभा चुनाव: 18 जून को मतदान, सत्ता पक्ष–NDA दोनों खेमों में रणनीति तेज
Jharkhand Rajya Sabha Elections
रांची। Jharkhand Rajya Sabha Elections, झारखंड में 18 जून को राज्यसभा की दो सीटों पर होनेवाले चुनाव को लेकर रोमांच चरम पर पहुंच गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों जीत सुनिश्चित करने की पुख्ता रणनीति की तैयारी में जुट गए हैं। दोनों ओर से किसी तरह की सेंधमारी की संभावना को पूरी तरह खत्म करने पर फोकस किया जा रहा है।
सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों का जुटान कांके रोड स्थित सीएम आवास में हुआ तो मंगलवार की सुबह ही एनडीए के विधायक झारखंड के एकमात्र पांच सितारा होटल रेडिसन ब्लू में शिफ्ट हो गए। सत्तारूढ़ गठबंधन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं कमान संभाल ली है। उनकी उपस्थिति में विधायकों से मॉक पोल कराया गया।
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के अनुसार, इसमें झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम को 29 तथा कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को 27 वोट मिले। सबसे बड़ी बात यही रही कि कोई वोट रद नहीं हुआ।
मॉक पोल कराने के पीछे मुख्यमंत्री का यही उद्देश्य था कि कोई वोट रद न हो। बुधवार को एक बार फिर मॉक पोल कराया जाएगा। यही क्रम जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
होटल रेडिसन ब्लू में शिफ्ट हुए NDA विधायक, नथवाणी ने की मन की बात
इधर, एनडीए के सभी विधायक मंगलवार को सुबह रेडिसन ब्लू में शिफ्ट हो गए। ये 18 जून को सुबह तक इसी होटल में रहेंगे तथा यहीं से सुबह नौ बजे मतदान के लिए विधानसभा के लिए रवाना होंगे।
भाजपा समर्थित प्रत्याशी परिमल नथवाणी भी इसी होटल में जमे हुए हैं। उन्होंने विधायकों से मन की बात की। इधर, सत्तारूढ़ गठबंधन विधायकों का नेतृत्व और मार्गदर्शन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं कर रहे हैं।
सीएम आवास में रात्रि भोज से पहले मुख्यमंत्री ने विधायकों को बताया कि क्या करना है और क्या नहीं। रात्रि भोज के दौरान भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन समेत अन्य प्रमुख नेताओं ने विधायकों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। यह भी तय किया गया कि सत्ताधारी गठबंधन के नेता एक साथ विधानसभा पहुंचेंगे।
विधायकों को कोई अनजान काल नहीं उठाने की सख्त हिदायत
मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को मतदान को लेकर कई स्पष्ट निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के साथ डायस पर दोनों प्रत्याशी बैद्यनाथ राम और प्रणव झा के अलावा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू, राजद के केंद्रीय महासचिव भोला यादव, कांग्रेस के पर्यवेक्षक अजय शर्मा तथा कांग्रेस के सांसद नासिर हुसैन उपस्थित रहे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि किसी भी हाल में कोई वोट रद नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी विधायकों को पार्टी एजेंट को अपना वोट दिखाने को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में यह भी बताया गया कि विपक्षी खेमे से किस तरह अपने पक्ष में समर्थन के लिए सियासी खेल रचे जा सकते हैं। धन-बल से लेकर कई तरह के दबाव पड़ सकते हैं, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं देना है। साथ ही मतदान संपन्न होने तक किसी भी अनजान काल से बचने की सख्त हिदायत दी गई।
झामुमो प्रत्याशी को 30 वोट दिलाने का निर्णय
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई सत्तारूढ़ गठबंधन विधायक दल की बैठक में झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम को 30 विधायकों के प्रथम वरीयता के वोट दिलाने का निर्णय लिया गया। शेष 26 विधायक कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को प्रथम वरीयता का वोट देंगे।
ऐसे में द्वितीय वरीयता के वोट महत्वपूर्ण हो जाएंगे। जानकारों के अनुसार, बैद्यनाथ राम को निर्धारित कोटा 28 से अधिक मिलनेवाले दो मतों की द्वितीय वरीयता को देखा जाएगा।
द्वितीय वरीयता के ये वोट जिस प्रत्याशी को मिलेंगे, उनके लिए ये वोट प्रथम वरीयता के रूप में गिने जाएंगे। ऐसे में सत्तारूढ़ गठबंधन का पूरा प्रयास होगा कि द्वितीय वरीयता के ये वोट प्रणव झा को ही मिले। ऐसा होता है तो उनकी जीत सुनिश्चित हो जाएगी। किसी तरह का खेल भी द्वितीय वरीयता के मतों में ही होने की संभावना है।
एनडीए विधायकों का मॉक पोल आज
रेडिसन ब्लू में जमे एनडीए विधायकों का मॉक पोल बुधवार को होगा। विधायकों को मतदान को लेकर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
आज बीएनआर चाणक्या में जुटेंगे सत्तारूढ़ गठबंधन की बैठक
बुधवार को भी सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायक दल की बैठक बीएन आर चाणक्या में होगी। इसमें भी चुनाव बारीकियों से विधायकों को अवगत कराया जाएगा।
दूसरी बैठक शाम में मुख्यमंत्री आवास में होगी, जहां रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। बुधवार को ही साझा प्रेस कांफ्रेंस भी होगी, जिसमें गठबंधन की एकजुटता का दावा किया जा सकता है।
मतदान कल सुबह 9 बजे से
राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान झारखंड विधानसभा में 18 जून को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। इसी दिन शाम पांच बजे तक मतों की गणना होगाी। इसी दिन चुनाव का नतीजा आने की संभावना है।