यूपी में आंधी-बारिश का कहर: दो की मौत, सैकड़ों गांवों में बिजली गुल; 9 मई तक जारी रहेगा अलर्ट

यूपी में आंधी-बारिश का कहर: दो की मौत, सैकड़ों गांवों में बिजली गुल; 9 मई तक जारी रहेगा अलर्ट

Storm and rain wreak havoc in Uttar Pradesh

Storm and rain wreak havoc in Uttar Pradesh

लखनऊ। मौसम का मिजाज शनिवार की रात से बदल गया। रविवार को आंधी-पानी के बीच पेड़ और दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। इस दौरान सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति चरमरा गई।

हालांकि, सभी जिलों में गर्मी से राहत महसूस की जा रही है। सुलतानपुर में रविवार सुबह धनपतगंज विकास खंड के रामनगर में महुआ के पेड़ से गिरी डाल की चपेट में किसान अजीत सिंह आ गए। उनकी मौके पर मौत हो गई।

जबकि उसी गांव के नरेन्द्र सिंह घायल हो गए हैं। इस दौरान जनपद के सौ से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई है। हरदोई के शाहाबाद के ग्राम नगला में कच्चे घर की दीवार ढहने से मजदूर रमेश की मौत हो गई। पक्के मकान के अभाव में रमेश कच्ची दीवारों पर पन्नी डालकर परिवार के साथ गुजर-बसर कर रहे थे।

रविवार को तड़के मौसम अचानक बदला और लखनऊ समेत आसपास एवं पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में अच्छी बरसात हुई जिससे अधिकतर जिलों में दिन का पारा 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा। बाराबंकी में सबसे अधिक 50 मिमी वर्षा हुई, जबकि सुलतानपुर में 35.3 मिमी, गोंडा में 31.5 मिमी, अयोध्या और हरदोई में 22.2 मिमी तथा बरेली में 16 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह दौर अगले पांच-छह दिनों तक चलेगा। इसका असर पूर्वी एवं यूपी पश्चिमी क्षेत्रों में पड़ेगा। सोमवार को लखनऊ समेत पूर्वी इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा के पूर्वानुमान हैं। इस दौरान 40-60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलने के आसार हैं।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, गोरखपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 8.9 डिग्री कम रहा। बलिया में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, बुंदेलखंड में अभी भी भीषण गर्मी का दौर जारी है।

उरई में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। हरदोई में 16 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रात रही। चार से नौ मई के बीच लगभग 60 जिलों में हल्की से मध्यम बरसात हो सकती है।

इसके अलावा 50 जिलों में 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ 30 जिलों में ओलावृष्टि के पूर्वानुमान हैं। 10 मई से मौसम में फिर बदलाव होगा और तेज धूप के साथ अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान नें वृद्धि होगी।