संजू सैमसन का कटेगा टी20 वर्ल्ड कप से पत्ता? ईशान किशन ने क्यों की विकेट कीपिंग; सूर्यकुमार यादव ने खोला राज

T20 World Cup 2026

T20 World Cup 2026

T20 World Cup 2026: संजू सेमसन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 में भी बल्ले से निराश किया, वह मात्र 6 रन बनाकर आउट हो गए. इस तरह सैमसन ने इस सीरीज के 5 मैचों में कुल 46 ही रन बनाए, जो एक निराशाजनक प्रदर्शन है. इसकी सजा उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मिल सकती है, वह शायद भारत की प्लेइंग 11 में नजर न आएं. इसके संकेत पांचवें टी20 में मिले, उनकी जगह ईशान किशन ने विकेटकीपिंग की.

न्यूजीलैंड के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, जबकि यहां काफी ज्यादा ओस का प्रभाव रहता है. सूर्या ने बताया कि वह अपने गेंदबाजों को टेस्ट करना चाहते हैं, इसलिए बल्लेबाजी चुनी. एक तरफ अभिषेक ने तूफानी बल्लेबाजी शुरू की, लेकिन दूसरी तरफ संजू सैमसन 6 रन बनाकर आउट हो गए. इस सीरीज में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 24 रन है, पूरी सीरीज में मिलाकर भी उनके 50 रन पूरे नहीं हुए.

ईशान किशन ने लगाया तूफानी शतक

तीसरे नंबर पर आए ईशान किशन ने तूफानी शतक लगाया. अब किसी भी कप्तान के लिए मुश्किल होगा कि उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर रखे, टीम अब सीधा टी20 वर्ल्ड कप में खेलेगी. ईशान ने 43 गेंदों में 103 रन बनाए, इस पारी में उन्होंने 10 छक्के और 6 चौके लगाए. सूर्यकुमार ने 30 गेंदों में 63 और हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों में 42 रन बनाए, जिसके सहारे भारत ने 271 रनों का ऐतिहासिक स्कोर खड़ा किया.

संजू सैमसन का टी20 वर्ल्ड कप से कटा पत्ता?

इसके संकेत न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 में कप्तान ने दिए, जब संजू सैमसन की जगह ईशान किशन को विकेटकीपिंग ग्लव्स थमाए गए. अभी तक संजू विकेटकीपिंग कर रहे थे, लेकिन बल्ले से वह प्रभावित नहीं कर पाए. ये भी नहीं कहा जा सकता कि संजू को पर्याप्त मौके नहीं मिले, वह लगातार 5 बार फ्लॉप हुए हैं. ऐसे में संभावना है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हमें ईशान किशन बतौर विकेटकीपर खेलते हुए दिखें.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का पहला मैच यूएसए के साथ 7 फरवरी को है. इसके बाद दूसरा मैच 12 फरवरी को नामीबिया से है. अपने तीसरे मैच के लिए भारत श्रीलंका जाएगी, जहां 15 फरवरी को पाकिस्तान से भिड़ंत है. टीम का आखिरी ग्रुप स्टेज मैच 18 फरवरी को नीदरलैंड के साथ है.