Speeding Bike Crashes into Stage

तेज रफ्तार बाइक स्टेज से टकराई, 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

undefined

Speeding Bike Crashes into Stage

माता रानी चौक के पास स्थित मीना बाजार चौक मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे से दहल उठा। यहां चौक के बीचों-बीच बनाई जा रही एक बड़ी स्टेज से टकराने के बाद 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान आकाश (25) के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि वह देर रात तेज रफ्तार बाइक पर अपने घर लौट रहा था।

घटना की सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि चौक के बीच करीब साढ़े पांच फीट ऊंची स्टेज का ढांचा तैयार किया जा रहा था और वहां कुछ मजदूर व कारीगर काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार आकाश संतुलन खो बैठा और सीधे लोहे के भारी पाइपों से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्टेज का ढांचा भी हिल गया और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों के संभालने से पहले ही उसकी मौके पर मौत हो गई।

जांच अधिकारी बलदेव सिंह के अनुसार यह हादसा 31 मार्च की रात हुआ। प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आशंका जताई जा रही है कि युवक नशे की हालत में था, जिसके कारण वह सड़क के बीच बन रही स्टेज को देख नहीं पाया।

बताया जा रहा है कि आकाश के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसकी मौत के बाद परिवार में बूढ़ी मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल परिवार की ओर से किसी के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं दी गई है, इसलिए पुलिस आगे की कार्रवाई बयानों के आधार पर कर रही है।