टिहरी में प्रधानमंत्री मोदी के संभावित दौरे की चर्चाएं तेज, देश को मिल सकती है एशिया की सबसे बड़ी पीएसपी परियोजना
Speculation mounts regarding Prime Minister Modi
नई टिहरी। Speculation mounts regarding Prime Minister Modi, टिहरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी इसी माह के अंत या जून के पहले सप्ताह में टिहरी पहुंच सकते हैं, जहां वह 1000 मेगावाट क्षमता वाले पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) को राष्ट्र को समर्पित कर सकते हैं।
जिसके बाद टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कारपोरेशन इंडिया लिमिटेड (टीएचडीसी) की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता 2400 मेगावाट हो जाएगी।
इसके साथ ही टिहरी बांध की यह परियोजना एशिया की सबसे बड़ी पीएसपी जल विद्युत परियोजना बन जाएगी। इस संभावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन, टीएचडीसी और अन्य विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
पीएम मोदी के टिहरी दौरे के दौरान कोटी कालोनी क्षेत्र में बड़ी जनसभा आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मंच और यातायात प्रबंधन तक की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
टिहरी बांध पहले से ही देश की प्रमुख जल विद्युत परियोजनाओं में शामिल है। जिसमें टिहरी बांध परियोजना से 1000 मेगावाट, कोटेश्वर बांध परियोजना से 400 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा है। अब 1000 मेगावाट की नई पीएसपी परियोजना जुड़ने से बिजली उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होने जा रहा है।
बता दें कि इस पीएसपी परियोजना के 250-250 मेगावाट की तीन यूनिटों को पूर्व में सफलता पूर्वक संचालन शुरू किया जा चुका है। जिसका लोकार्पण केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर वर्चुअल माध्यम से कर चुके हैं।
वहीं, इससे पूर्व बीते 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के दौरान ही पीएम की ओर से इस परियोजना का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन तब कार्यक्रम अचानक स्थगित कर दिया गया था।
इस बीच टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने भी प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर संकेत दिए हैं। विधायक किशोर उपाध्याय ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर पीएम को टिहरी आने का निमंत्रण दिया है।
मुलाकात के दौरान उन्होंने टिहरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम, क्षेत्रीय विकास योजनाओं और बांध प्रभावितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
विधायक उपाध्याय ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री का दौरा तय होता है तो यह टिहरी के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लंबे समय से लंबित मांगों जैसे पुनर्वास, रायल्टी, मेडिकल कालेज और सड़क परियोजनाओं पर भी सकारात्मक पहल हो सकती है।
स्थानीय स्तर पर भी प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर उत्साह का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि इस दौरे से टिहरी को विकास की नई सौगात मिल सकती है। हालांकि फिलहाल टीएचडीसी और जिला प्रशासन स्पष्ट रूप से कुछ भी कहने से पीछे हट रहा है।
क्या है पंप स्टोरेज प्लांट
पंप स्टोरेज प्लांट एक आधुनिक और अत्याधुनिक तकनीक है, जिसमें अतिरिक्त बिजली का उपयोग करके पानी को ऊंचाई पर स्थित जलाशय में पंप किया जाता है और जरूरत के समय उसी पानी से बिजली उत्पादन किया जाता है।
इससे ग्रिड संतुलन बनाए रखने और पीक डिमांड के समय बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।