चंडीगढ़ एयर शो के दूसरे दिन सूर्यकिरण टीम का शानदार प्रदर्शन, वीआईपी हस्तियां रहीं मौजूद

चंडीगढ़ एयर शो के दूसरे दिन सूर्यकिरण टीम का शानदार प्रदर्शन, वीआईपी हस्तियां रहीं मौजूद

Chandigarh Air Show

Chandigarh Air Show

चंडीगढ़, 28 मार्च (साजन शर्मा): Chandigarh Air Show: सुखना लेक पर आयोजित एयर शो के दूसरे और अंतिम दिन भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम ने अपने रोमांचक हवाई करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। टीम ने आसमान में डायमंड-Y सहित कई आकर्षक फॉर्मेशन बनाकर उच्च स्तर के तालमेल और कौशल का प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोग इस भव्य आयोजन को देखने के लिए पहुंचे।

Chandigarh Air Show

एयर शो के दौरान पायलटों ने सटीक समयबद्धता और बेहतरीन समन्वय का परिचय देते हुए कई जटिल एरोबेटिक फॉर्मेशन प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर दर्शकों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाईं। कार्यक्रम में सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

Chandigarh Air Show

इस अवसर पर कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी , पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल असीम घोष तथा पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह सधवा विशेष रूप से एयर शो देखने पहुंचे।

Chandigarh Air Show

एयर शो की तैयारियों के चलते सुखना लेक को 26 मार्च से आम जनता के लिए बंद कर दिया गया था। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक प्रबंध किए गए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रशासन ने घोषणा की है कि सुखना लेक को दोपहर 2 बजे से पुनः आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।

एयर शो को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों तथा पर्यटकों ने इस अनोखे नजारे का आनंद लिया। यह आयोजन भारतीय वायुसेना की क्षमता और पेशेवर दक्षता का शानदार उदाहरण साबित हुआ।