चंबा में एसओएस परीक्षा केंद्र रद्द, अनियमितताओं पर शिक्षा बोर्ड की सख्त कार्रवाई
SOS exam centre in Chamba cancelled,
चंबा। SOS exam centre in Chamba cancelled, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने चंबा जिले में संचालित राज्य मुक्त विद्यालय (एस.ओ.एस.) के एक परीक्षा केंद्र को रद्द कर सख्त संदेश दिया है कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब इस केंद्र में आगामी परीक्षाएं आयोजित नहीं होंगी। संबंधित परीक्षार्थियों की शेष परीक्षाएं राजकीय बाल विद्यालय चंबा में संपन्न कराई जाएंगी।
इस संबंध में शिक्षा बोर्ड के सचिव मेजर विशाल शर्मा ने शनिवार को औपचारिक आदेश जारी कर दिए। आदेशों में बोर्ड के जिला प्रबंधक और कनिष्ठ कार्यालय सहायक को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित परीक्षा केंद्र के सभी परीक्षार्थियों तथा परीक्षा सामग्री के सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्थानांतरण के लिए आवश्यक प्रबंध तत्काल सुनिश्चित किए जाएं।
वीरवार को जमा-दो कक्षा के अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान चंबा शहर स्थित टाइनी टोट्स प्ले वे स्कूल में संचालित एस.ओ.एस. परीक्षा केंद्र पर प्रशासन की उड़नदस्ता टीम ने औचक निरीक्षण किया था। उपमंडल दंडाधिकारी चंबा सदर प्रियांशु खाती के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्ष में अतिरिक्त व्यक्तियों की उपस्थिति पाई गई, जो परीक्षा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
इसके साथ ही केंद्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए। टीम को अन्य व्यवस्थागत खामियां भी मिलीं, जिन्हें गंभीरता से लिया गया। कार्रवाई के तुरंत बाद परीक्षा केंद्र में तैनात अधीक्षक और उपाधीक्षक को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया था।
उनकी जगह नए अधीक्षक और उपाधीक्षक की नियुक्ति की गई थी तथा परीक्षा की निगरानी के लिए दो-दो पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए थे। हालांकि अब शिक्षा बोर्ड ने पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए परीक्षा केंद्र को ही रद्द करने का निर्णय लिया है। बोर्ड के इस फैसले को परीक्षा प्रणाली की शुचिता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शिक्षा बोर्ड ने स्पष्ट संकेत दिया है कि परीक्षा की निष्पक्षता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अब सभी संबंधित परीक्षार्थियों की आगामी परीक्षाएं राजकीय बाल विद्यालय चंबा में निर्धारित समयानुसार आयोजित की जाएंगी।
प्रशासन और शिक्षा विभाग ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे नई व्यवस्था के अनुसार निर्धारित केंद्र पर समय से पहुंचें और परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें। इस कार्रवाई से जिले में परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और सख्ती बढ़ने के संकेत मिले हैं।
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिस परीक्षा केंद्र में अनियमितताएं पाई गईं, वहां बोर्ड द्वारा लिया गया निर्णय पूरी तरह उचित और नियमों के अनुरूप है।
विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है, ताकि उनकी परीक्षाएं बिना किसी बाधा के संपन्न हो सकें। भविष्य में सभी केंद्रों पर निगरानी और सख्ती और अधिक बढ़ाई जाएगी।
- विकास महाजन,उपनिदेशक उच्च शिक्षा, चंबा
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जो अनियमितताएं सामने आईं, उन्हें गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
विद्यार्थियों के हित सर्वोपरि हैं और उनकी परीक्षाएं सुचारु रूप से संपन्न हों, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
- मुकेश रेपसवाल,उपायुक्त, चंबा