सोनाक्षी सिन्हा ने सोनम वांगचुक के लिए उठाई आवाज, ‘अब देखा नहीं जा रहा…’, फातिमा सना शेख ने भी सरकार से की अपील
Sonam Wangchuk Hunger Strike
हैदराबाद: Sonam Wangchuk Hunger Strike: बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा और फातिमा सना शेख ने भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक के समर्थन में एक कड़े शब्दों वाला पोस्ट शेयर किया है. वांगचुक अभी नई दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध-प्रदर्शनों के बीच भूख हड़ताल पर बैठे हैं. अपने वीडियो में सिन्हा ने वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जताई है.
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल, जो पिछले 19 दिनों से चल रही है, पर कई मशहूर हस्तियों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. गुरुवार,16 जुलाई को एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने इस बारे में बात की और कहा कि, हालांकि वह आमतौर पर ऐसे बयान शेयर नहीं करती हैं, लेकिन इस पूरे मामले पर चुप रहना उनके लिए मुश्किल हो गया है.
सोनाक्षी सिन्हा
वीडियो में सोनाक्षी कहती हैं, 'आज मुझसे रहा नहीं जा रहा. सोनम वांगचुक हम सब उन्हें जानते हैं. हम जानते हैं कि इन्होंने हमारे देश के लिए क्या किया है, इनके अचीवमेंट्स क्या है, इन्होंने कितने अवॉर्ड्स जीते हैं. आज वो 18 दिन से अनशन पर बैठे हैं, भूखे हैं, कुछ खाया नहीं है, ये किसके लिए बैठे हैं? ये उन बच्चों के भविष्य के लिए बैठे हैं, जो उन्हें दिख रहा है कि ये चीज बर्बादी की तरफ जा रही है. ये उन बच्चों के लिए लड़ रहे हैं, जिन्होंने अपनी जान खो दी. ये एक सिस्टम के खिलाफ लड़ रहे हैं, जो सही तरीके से नहीं चल रहा.आप जानते हैं, मैं जानती हूं, हम सब जानते हैं. हम सब उन्हें जानते हैं, लेकिन वो हमें नहीं जानते हैं. पर फिर भी देश के लिए, देश के बच्चों के लिए, उन्होंने 18 दिनों से खाना नहीं खाया है. और बहुत सारे लोग चुप हैं. मझसे तो रहा नहीं गया, अब जो होना है होगा नो प्रॉब्लम, पर अब मैं चुप नहीं बैठ सकती. '
वह सवाल करती हैं, 'कोई सुन क्यों नहीं रहा? किसी को परवाह नहीं. कोई कुछ डायलॉग नहीं खोल रहा, कोई कुछ बात नहीं कर रहा. कोई इनकी तरफ मुड़के देख भी नहीं रहा.' एक्ट्रेस ने आगे कहा कि वह भी देश की भलाई चाहती हैं. वह एंटी-नेशनल नहीं हैं, तो फिर उन्हें चुप क्यों रहना चाहिए?
सोनाक्षी ने कहा कि वह सोनम से उनका व्रत तोड़ने के लिए नहीं कहेंगी. एक्ट्रेस सवाल करती हैं, 'यह कब काफी होगा, जब यह आदमी मर के चले जाएंगे तब आप उठेंगे. और वह किसकी जिम्मेदारी होगी? ठीक नहीं हो रहा है, जो हो रहा है? मैं बस यही कहना चाहती थी.'
फातिमा सना शेख
फातिमा सना शेख ने भी गुरुवार को इंस्टाग्राम पर वांगचुक की तस्वीरें शेयर कीं और उनकी बिगड़ती सेहत पर चिंता जताई. उन्होंने अपील की कि बहुत देर होने से पहले उनकी बात सुनी जानी चाहिए.
एक्ट्रेस ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, 'अब 19 दिन हो चुके हैं. हम तब तक इंतजार नहीं कर सकते जब तक बात सुनने में बहुत देर न हो जाए. सोनम वांगचुक जैसे व्यक्ति, जिन्होंने देश को इतना कुछ दिया है, उन्हें अपनी बात सुनाने के लिए अपनी सेहत को जोखिम में नहीं डालना चाहिए.'
उन्होंने आगे कहा, 'आपकी राजनीति चाहे जो भी हो, एक छात्र का भविष्य बचाने लायक होता है. उन्हें इस तरह कमजोर होते देखना वाकई बहुत दुखद है. मुझे उम्मीद है कि इसका समाधान बातचीत से निकलेगा, न कि सोनम वांगचुक को खोकर. आज के युवा ही इस देश को आगे ले जाएंगे. कम से कम हम उनके साथ खड़े हो सकते हैं और एक बेहतर भविष्य के उनके अधिकार का समर्थन कर सकते हैं.'
वांगचुक की सेहत को लेकर चिंताएं बढ़ती जा रही हैं, ऐसे में फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने इस एक्टिविस्ट के लिए अपना समर्थन जताया है. फ़िल्ममेकर अनुराग कश्यप और एक्टर्स स्वरा भास्कर, शबाना आज़मी, सोनी राजदान, जीनत अमान, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अभय देओल, गौहर खान, राघव जुयाल, ओमी वैद्य, राखी सावंत और मुनव्वर फारूकी ने भी वांगचुक का समर्थन किया है और सरकार से बातचीत करने की अपील की है.