Son Brutally Assaults Father

जमीन विवाद में बेटे ने पिता को डंडों से पीटा, मंडी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना

undefined

Son Brutally Assaults Father

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जमीन को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार घटना बीएसएल कॉलोनी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत संगौढ़ गांव की है। पीड़ित मस्तराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव में आयोजित एक मुंडन समारोह में शामिल होने गए थे। इसी दौरान उनका बेटा दुनी चंद वहां पहुंचा और आंगन में पड़ा डंडा उठाकर उन पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मस्तराम को बचाया। इस घटना में उनके बाएं हाथ की उंगलियों, चेहरे, पीठ और पसलियों पर गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी दुनी चंद अपने पिता से जमीन में हिस्सा मांग रहा था। इसके अलावा नई कार को लेकर भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था। मांग पूरी न होने से नाराज होकर उसने कथित रूप से पिता पर हमला कर दिया।