सोलन नगर निगम चुनाव: भाजपा को लगा 'अतिक्रमण' का झटका; वार्ड 3 से प्रत्याशी बाहर, 3 नामांकन रद्द
Solan Municipal Corporation Elections
सोलन। Solan Municipal Corporation Elections, हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज है। नगर निगम सोलन के चुनाव के लिए भरे नामांकन की छंटनी में अतिक्रमण से जुड़ी शिकायत के चलते भाजपा के एक प्रत्याशी का नामांकन रद कर दिया गया। दो निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन पत्र भी आपत्तियों और दस्तावेजों में कमी के कारण रद किए गए हैं।
जांच में कुल 55 नामांकन में से 52 सही पाए गए हैं। इसके बाद चुनावी समीकरणों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। अब सभी की निगाहें नाम वापसी पर टिकी हैं, जो छह मई को पूरी होगी। इसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि अंतिम रूप से कितने उम्मीदवार चुनावी मैदान में रहेंगे।
रूठे सहित निर्दलीय प्रत्याशियों पर नजर
खासतौर पर भाजपा और कांग्रेस के रूठे नेताओं के साथ निर्दलीय प्रत्याशियों के रुख पर नजर रहेगी। नाम वापसी के बाद मुकाबला रोचक हो सकता है और कई वार्डों में सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है।
भाजपा से नाराज होकर चुनाव लड़ रहे विवेक का भी नामांकन रद
भाजपा के वार्ड तीन के प्रत्याशी पीयूष गर्ग के खिलाफ सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर दी शिकायत के आधार पर उनका नामांकन रद हुआ। वहीं वार्ड 10 से भाजपा से नाराज होकर नामांकन भरने वाले विवेक डोभाल का नामांकन भी रद हो गया। वार्ड आठ से एक निर्दलीय का नामांकन भी निरस्त हुआ है।
वार्ड तीन में भाजपा के पास कोई विकल्प नहीं
वार्ड तीन में भाजपा के पास अब कोई विकल्प नहीं बचा है, क्योंकि उनका वहां कोई कवरिंग कैंडिडेट भी नहीं है। वहां पर भाजपा के नाराज कार्यकर्ता गौरव भारद्वाज ने बतौर आजाद प्रत्याशी नामांकन भरा है, अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा उन्हें बाहर से अपना समर्थन देती है या दूसरे निर्दलीय को। लेकिन भाजपा एक वार्ड बिना लड़े ही गंवा गई।
17 वार्डों में 52 प्रत्याशी मैदान में
17 वार्डों में दोनों दलों के 34 प्रत्याशियों के अलावा 18 निर्दलीय भी मैदान में हैं। इसमें कई वार्डों में भाजपा के नाराज निर्दलीय जबकि कुछ वार्ड में कांग्रेस के नाराज उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है।