लाहुल-मनाली में बर्फबारी: दर्रों पर लगा बर्फ का ढेर; लाहुल में शरण लेने को मजबूर हुए पर्यटक

लाहुल-मनाली में बर्फबारी: दर्रों पर लगा बर्फ का ढेर; लाहुल में शरण लेने को मजबूर हुए पर्यटक

Lahaul-Snowfall-1773656444349_v

Snowfall in Lahaul-Manali

मनाली। Snowfall in Lahaul-Manali, हिमाचल प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज ने पर्यटकों की मुश्किल बढ़ाई है। अटल टनल रोहतांग सहित लाहुल स्पीति में भी पर्यटक फंसे हुए हैं। अटल टनल में ही सैकड़ों वाहन फंसे हैं। वहीं लाहुल के विभिन्न पर्यटन स्थलों में पर्यटक जगह-जगह शरण लिए हुए हैं। लाहुल में होटल ज्यादा न होने के कारण पर्यटकों को मुश्किल झेलनी पड़ रही है। पर्यटक गेस्ट हाउस, होम स्टे सहित ढाबों व रेस्टोरेंट में रुके हैं। पर्यटक सड़क से बर्फ हटने का इंतजार कर रहे हैं। 

लाहुल-स्पीति की समस्त घाटी में बर्फबारी हो रही है, जिससे जन-जीवन प्रभावित हो गया है। शिंकुला दर्रे में आठ दिन से वाहनों की आवाजाही बंद है। भारी हिमपात से बीआरओ की शिंकुला दर्रे की बहाली भी प्रभावित हुई है।

लाहुल में जनजीवन प्रभावित

मनाली केलंग मार्ग भी बंद हो गया है जबकि लाहुल घाटी में भी जन जीवन प्रभावित हुआ है। कोकसर में लगभग एक फीट, सिस्सु में पौना फीट, गोंदला और मुलिंग में आधा फीट जबकि जिला मुख्यालय केलंग में तीन इंच बर्फबारी हुई है। 

रोहतांग दर्रे में डेढ़ फीट हिमपात

कुल्लू को लाहुल से जोड़ने वाले रोहतांग दर्रे में डेढ़ फीट हिमपात हुआ है। रोहतांग सहित शिंकुला बारालाचा व कुंजम दर्रे में भी बर्फ के ढेर लग गए हैं। पर्यटन नगरी मनाली में भी बर्फ के फाहे गिरे। दर्रे में रविवार को शुरू हुआ बर्फबारी का क्रम सोमवार को भी जारी रहा तथा शाम तक रोहतांग दर्रे में डेढ़ फीट ताजा हिमपात हो चुका है। राहनीनाला में सवा फीट, पर्यटक स्थल मढ़ी में एक फीट, राहलाफाल में नौ इंच, गुलाबा में सात इंच तथा सोलंगनाला और कोठी में चार इंच ताजा हिमपात हुआ है।

मनाली में भी गिरे फाहे

दोपहर बाद पर्यटन नगरी मनाली में भी बर्फ के फाहे गिरे। पर्यटकों ने जगह जगह बर्फ के फाहों का आनंद लिया। सोमवार को पर्यटक सोलंगनाला से माल रोड मनाली तक बर्फ के फाहों में झूमे। मौसम के बदले मिजाज से पर्यटन कारोबारियों सहित किसानों बागवानों के चेहरे खिल गए हैं। पर्यटन स्थल रोहतांग में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। बर्फबारी के कारण घाटी में ठंड चरम पर पहुंच गई है। 

प्रशासन की एडवायजरी

प्रशासन ने पर्यटकों के लिए एडवायजरी जारी की है कि वे जहां हैं, वहीं रुके रहें। बर्फ के बीच गाड़ी चलाने का जोखिम न उठाएं। पुलिस व रेस्क्यू टीम के पहुंचने पर ही गाड़ी निकालने का प्रयास करें।