कौशल विकास मिशन का बड़ा कदम: 447 शिक्षण संस्थानों को नोटिस, कमियां सुधारने का अंतिम मौका
Skill Development Mission issues notice to 447
लखनऊ। कौशल विकास मिशन ने अल्पकालीन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने के लिए विशेषज्ञ संस्थानों के इंपैनलमेंट के लिए पिछले वर्ष दिसंबर में प्रस्ताव मांगा था।
मिशन की जांच में पाया गया कि 447 संस्थानों के प्रस्ताव मानक के अनुरूप नहीं हैं। ऐसे सभी संस्थानों को सात दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, इन संस्थानों को डिबार नहीं किया गया है। संस्थानों को कमियां दूर करने का एक मौका दिया जा रहा है।
परीक्षण के बाद जो संस्थान अपनी त्रुटियां सुधार लेंगे, उन्हें आगे अवसर दिया जाएगा। मिशन की ओर से एक प्रोफार्मा भी जारी किया गया है, जिसमें संबंधित सेक्टर का नाम, जिला, कौशल प्रशिक्षण केंद्रों की क्षमता और लक्ष्य का विवरण देना अनिवार्य किया गया है।
इसके अलावा औरैया, अयोध्या, कानपुर और गाजीपुर जिलों की पांच संस्थाओं को पहले प्रोविजनल लक्ष्य आवंटित किया गया था, लेकिन जांच में उनकी प्रशिक्षण क्षमता शून्य पाई गई। ऐसे संस्थानों को 15 दिन के भीतर अपना प्रत्यावेदन और आवश्यक अभिलेख मिशन कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।