सीतापुर: मतदाता सूची में दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 4 मार्च
Sitapur: Last date for claims and objections
सीतापुर। मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत अनंतिम सूची के दावा आपत्ति की अंतिम तिथि नजदीक आ रही है। दावा आपत्ति प्राप्त करने की अंतिम तिथि चार मार्च निर्धारित की गई है। सूचियों को दुरुस्त करने का क्रम भी तेज हो गया है। इसको लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने भी सभी बीएलओ को निर्देशित किया है कि वह कार्य को जल्द पूरा कर लें।
इसके साथ ही मतदाताओं से भी सक्रियता दिखाते हुए अपना नाम मतदाता सूची में बढ़वाने के लिए आवेदन करने व नोटिस जारी होने वाले मतदाताओं से शीघ्र जवाब देने के लिए कहा है।
नवंबर से छह जनवरी तक मतदाता सूचियों के विशेष सघन पुनरीक्षरण अभियान के बाद अनंतिम सूची जारी की गई थी। सूची के तहत दावा आपत्तियां मांगी गई थीं। साथ ही सूची में नाम गड़बड़ी वालों को नोटिस भी दी गई थी।
नोटिस के जवाब व नये मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने के लिए फार्म नंबर छह भरकर आवेदन किया। जैसे जैसे आपत्तियों प्राप्त करने की अंतिम तिथि नजदीक आ रही है, जिला प्रशासन ने सभी बीएलओ व आमजन से सक्रियता दिखाने को कहा है।
जिलाधिकारी राजागणपति आर ने निर्देश दिए कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में लगाए गए समस्त अधिकारी कार्यों को पूर्ण मनोयोग से करते हुए निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी कर लें। इसमें किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी को सजगता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। जिससे कोई प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में न तो अपात्र का नाम शामिल हो और न ही कोई भी पात्र व्यक्ति छूटे, इस लक्ष्य के साथ सभी कार्य करें।
जिलाधिकारी ने धीमी प्रगति वाले निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को सुधार के लिए निर्देशित किया तथा ऑनलाइन फीडिंग भी तेज गति से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फीडिंग का नियमित अपडेट लिया जाए। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी नीतीश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर धामिनी एम दास सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।