सिरमौर: पुलिस जवान कुलदीप सिंह का निधन; पीजीआई चंडीगढ़ में ली अंतिम सांस, विभाग में शोक की लहर
Sirmaur: Police Constable Kuldeep Singh Passes Away
नाहन। हिमाचल प्रदेश पुलिस के 42 वर्षीय जवान का निधन हो गया। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के पुलिस थाना माजरा में तैनात मुख्य आरक्षी कुलदीप सिंह (नं. 390) का बुधवार सुबह पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है।
चार दिन पहले बिगड़ी थी अचानक तबीयत
बता दें कि कुलदीप सिंह पुत्र तुलसी राम वर्ष 2024 से पुलिस थाना माजरा में बतौर आईओ कार्यरत थे। वह 19 अप्रैल 2026 को अवकाश पर गए थे, इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
2008 में हुए थे पुलिस में भर्ती
दिवंगत कुलदीप सिंह सिरमौर जिला की पच्छाद तहसील के गांव बोहलघाट, डाकघर गागल शिकौर के निवासी थे। उन्होंने वर्ष 2008 में पुलिस विभाग में बतौर आरक्षी अपनी सेवा शुरू की थी और लंबे समय तक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे।
पुलिस परिवार ने अपूर्णीय क्षति बताया
उनके असामयिक निधन को पुलिस परिवार ने अपूर्णीय क्षति बताया है। विभागीय अधिकारियों और सहकर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
पुलिस सम्मान से होगा अंतिम संस्कार
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर के अनुसार दिवंगत कुलदीप सिंह का अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान से किया जाएगा।