सिप्पी सिद्धू हत्याकांड: मृतक की मंगेतर को समन — 11 साल पहले 2015 में सेक्टर-27 के पार्क में हुई थी सिप्पी की हत्या
Sippy Sidhu Murder Case
चंडीगढ़, 7 अप्रैल। Sippy Sidhu Murder Case:शहर के चर्चित और करीब 11 वर्ष पुराने सिप्पी सिद्धू हत्याकांड में मंगलवार को सीबीआई की विशेष अदालत में सुनवाई के दौरान डॉ. पी. सिद्धंबरी, वैज्ञानिक अधिकारी, सीएफएसएल, सेक्टर-36, चंडीगढ़ के बयान दर्ज किए गए।
अदालत ने अभियोजन पक्ष की आगे की गवाही के लिए 15 मई और 19 मई की तिथि निर्धारित की है। साथ ही अदालत ने अगली सुनवाई के लिए मृतक सिप्पी सिद्धू की मंगेतर इशलीन कौर को समन जारी करने के आदेश दिए हैं।
इस बीच, दिवंगत सिप्पी सिद्धू की माता दीपिंदर कौर और पीड़ित के भाई जसमनप्रीत सिंह ‘जिप्पी’ सिद्धू ने कहा कि हत्या को 11 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आरोपी अभी भी जमानत पर हैं और उन्हें अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है और उम्मीद जताई कि जल्द ही ट्रायल पूरा होगा तथा दोषियों को सजा मिलेगी और वे सलाखों के पीछे होंगे।
11 साल साल पहले हुई थी सनसनीखेज हत्या
लगभग 11 वर्ष वर्ष पहले, 20 सितंबर 2015 को सेक्टर-27 स्थित एक पार्क में 35 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज और अधिवक्ता सुखमनप्रीत सिंह सिद्धू उर्फ सिप्पी सिद्धू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
सीबीआई ने इस मामले में 15 जून 2022 को कल्याणी सिंह को गिरफ्तार किया था। आरोपपत्र में दावा किया गया कि हत्या वाली रात कल्याणी को सिप्पी सिद्धू से बातचीत करते देखा गया था और उसके बाद उसने एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।