शोक की लहर: ईरान के सुप्रीम लीडर के निधन पर लखनऊ में सन्नाटा, सुरक्षा के कड़े पहरे
Silence in Lucknow over the death of Iran's Supreme Leader
लखनऊ। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत के दूसरे दिन सोमवार को पुराने लखनऊ में गहरा शोक देखा गया। पुराने शहर के बाजार पूरी तरह बंद रहे। बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा और भूल-भुलैया पर्यटकों के लिए बंद कर दिए गए हैं।
यही नहीं, होली के त्योहार को लेकर पुलिस की निगरानी इंटरनेट मीडिया पर बढ़ गई है। भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक पोस्ट कर किसी ने अगर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो उसकी खैर नहीं होगी। पुलिस तत्काल उसे हिरासत में लेकर कार्रवाई करेगी। इसको लोकर कमिश्नरेट में इंटरनेट मीडिया पर निगारनी के लिए 24 घंटे के लिए 11 टीमें गठित की गई हैं।
सोमवार को बड़े इमामबाड़े से छोटे इमामबाड़े तक की दुकानें नहीं खुलीं। कई इमारतों पर खामेनेई के बड़े पोस्टर लगाए गए हैं। शिया समुदाय के लोग स्याह परिधान पहनकर सांकेतिक विरोध जता रहे हैं। पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। हालात यह थे कि रमजान में इस इलाके में पैर रखने के लिए भी जगह नहीं होती थी, लेकिन इस वर्ष खामेनेई की मौत के बाद सभी दुकान मातम मना रहे हैं।
इसी के चलते बंदी का ऐलान किया गया था, यही कारण है कि पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा। इस मामले में पुलिस की तरफ से इंटरनेट मीडिया पर भड़काऊ मैसेज पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके लिए पुलिस आयुक्त, दोनों जेसीपी, डीसीपी क्राइम और पांच जोनों में कुल 11 टीमें बनी हैं। इसके अलावा साइबर क्राइम सेल हजरतगंज और साइबर थाने को भी लगाया गया है। खामेनेई के मारे जाने के बाद जगह-जगह विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं।
हालांकि प्रदर्शन शांति तरीके से हो रहे हैं। इसको लेकर अहतियात बरते गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है। पुलिस उपायुक्त अपराध कमलेश कुमार दीक्षित के मुताबिक निगरानी के लिए बनी टीमें इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म, वाट्सएप, एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम पर निगरानी करेंगी।
अगर किसी ग्रुप में किसी ने कोई आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ पोस्ट की है तो ग्रुप एडमिन की जिम्मेदारी होगी की वह इसकी जानकारी पुलिस को दे। अन्यथा अगर पुलिस की पड़ताल में कोई अपत्तिजनक पोस्ट मिली तो ग्रुप एडमिन और पोस्ट करने वाले दोनों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
इन जोनों की बनी टीमें
- पुलिस कमिश्नर कार्यालय
- संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था कार्यालय
- संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध कार्यालय
- पुलिस उपायुक्त अपराध कार्यालय
- साइबर क्राइम सेल हजरतगंज
- साइबर थाना गोमतीनगर
- मध्य जोन
- पश्चिमी जोन
- उत्तरी जोन
- दक्षिणी जोन
- पूर्वी जोन
कल भी हुआ था प्रदर्शन
रविवार को मौत की खबर के बाद पुराने लखनऊ में व्यापक प्रदर्शन हुआ था। इमामबाड़ा, रूमी गेट, घंटाघर, छोटा इमामबाड़ा और अकबरी गेट के आसपास हजारों लोग जुटे और प्रदर्शन किया। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस, पीएसी और आरएएफ तैनात रही।
ड्रोन कैमरों से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। सुबह से डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव, एडीसीपी पश्चिम धनंजय सिंह कुशवाहा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे थे। लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे थे।