उज्जैन में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह आज से शुरू
Shrimad Bhagwat Katha
पलवल व फरीदाबाद से पहुंचे श्रद्धालुओं ने किया कथा श्रवण
उज्जैन। दयाराम वशिष्ठ: Shrimad Bhagwat Katha: सोमवार को उज्जैन में कथा व्यास श्री महेश माधव शास्त्री जी के सान्निध्य में श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह का शुभारंभ हुआ। कथा के प्रारंभ में महिलाओं द्वारा सुंदर भजन गाते हुए भव्य कलश यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों के साथ यह यात्रा परिक्रमा धर्मशाला से निकलकर शिप्रा नदी तट और मंदिर मार्ग से होती हुई पुनः आश्रम पहुंची। इसके साथ ही श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ की विधिवत शुरुआत की गई।

यह कथा नरसिंह घाट स्थित गुजराती माली धर्मशाला में आयोजित की जा रही है। कथा में हरियाणा के पलवल व फरीदाबाद क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं ने पहले पुष्कर में भगवान के दर्शन किए और उसके बाद उज्जैन आकर कथा का श्रवण किया।
पलवल, मानपुर, मित्रोल, अच्छेजा, पेलक, कुशालपुर, जुन्हेड़ा, अटाली, बल्लभगढ़, महमदपुर, नरियाला और बड़ोली कुशक सहित कई गांवों से करीब 200 श्रद्धालु इस कथा में शामिल हुए।
कथा व्यास श्री महेश माधव शास्त्री जी ने श्रद्धालुओं को ज्ञान की गंगा में स्नान कराते हुए श्रीमद् भागवत कथा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम है।
आयोजक समिति के पदाधिकारी समाजसेवी महिपाल व प्रॉपर्टी डीलर छतर पाल वशिष्ठ ने बताया कि यह कथा 15 मार्च तक चलेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन में ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। कथा पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं को श्री सांवरिया सेठ जी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद चित्तौड़गढ़ किले में स्थित मां कालका मंदिर में भी दर्शन कराए जाएंगे।