मिशन 2027: यूपी की 403 विधानसभाओं में भाजपा का बूथ सम्मेलन आज, सीएम योगी समेत कई अन्य लेंगे भाग

CM Yogi Adityanath in Gorakhpur

CM Yogi Adityanath in Gorakhpur

CM Yogi Adityanath in Gorakhpur: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी बूथ लेवल पर बड़ी कवायद कर रही है। आज प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन होने जा रहा है। इन सम्मेलनों में सीएम योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा सभी मंत्री और पदाधिकारी शामिल होंगे। सीएम योगी गोरखपुर से भाजपा के बूथ अध्यक्षों का मार्गदर्शन करेंगे और उन्हें जीत का मंत्र देंगे। वह योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में सुबह 10 बजे से गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विस क्षेत्रों के बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होंगे। सम्मेलन में दोनों विधानसभा क्षेत्रों के 892 बूथ अध्यक्ष शामिल होंगे।

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का कहना है कि पार्टी, अलग-अलग स्थानों पर एक साथ सभी बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बूथ अध्यक्षों को विधानसभा चुनाव 2027 में सफलता का परचम फहराने का मंत्र देने के लिए बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में उपस्थित रहेंगे। महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता के अनुसार प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मेलन में गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के कुल 892 बूथ अध्यक्षों को मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सीतापुर, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बरेली तो ब्रजेश पाठक शाहजहांपुर के बूथ सम्मेलन में शामिल होंगे।

फ्लाईओवर समेत 814 करोड़ की चार परियोजनाओं की सौगात देंगे सीएम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों गोरखपुरवासियों को 995 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उपहार मिलने जा रहा है। गुरुवार (23 जुलाई) को वह गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर सहित 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही सीएम योगी के हाथों 181.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को समाहित करते हुए मुख्यमंत्री की जनसभा सिक्सलेन फ्लाईओवर के समीप देवरिया बाईपास के किनारे स्थित मैदान में होगी।

10 विकास परियोजनाओं का होगा शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को जिन 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, वह गोरखपुर को कई नई उपलब्धियां देने वाली हैं। मसलन, श्रमीजीवी महिला छात्रावास, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और गोरखपुर विश्वविद्यालय चौक के समीप साइंस म्यूजियम का निर्माण। ये तीनों परियोजनाएं अपने आप में बेहद खास हैं। इसके साथ ही नंदानगर पुलिस चौकी मार्ग पर अंडरपास और सर्विस रोड के निर्माण से इस क्षेत्र में आवागमन सुगम हो जाएगा। मुख्यमंत्री, शहर की कॉलोनियों में सीसी रोड का भी शिलान्यास करेंगे।

इन विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण

1-टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर। लागत 429 करोड़ 49 लाख 39 हजार रुपये।

2-पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहा तक मार्ग का फोरलेन में चौड़ीकरण, लागत 277 करोड़ 77 लाख 94 हजार रुपये।

3-एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग का कार्य, लागत 103 करोड़ 51 लाख 17 हजार रुपये।

4-थाना गुलरिहा के 48 क्षमता हॉस्टल/बैरक एवं विवेचना कक्ष का निर्माण, लागत 2 करोड़ 74 लाख 4 हजार रुपये।