2 पत्नियों के बीच बंटा पति: पंचायत ने तय किया 3-3 दिन का साथ, एक दिन अपनी मर्जी

2 पत्नियों के बीच बंटा पति: पंचायत ने तय किया 3-3 दिन का साथ, एक दिन अपनी मर्जी

Husband Shared between Two Wives

Husband Shared between Two Wives

दढ़ियाल (रामपुर)। Husband Shared between Two Wives: रामपुर में पंचायत ने अनोखा फरमान सुनाया है। एक युवक को दो पत्नियों के बीच 3-3 दिन के लिए बांट दिया है। हफ्ते के आखिरी दिन पति को उसकी मर्जी पर छोड़ा गया है, जिसमें वह जिसके साथ भी रहना चाहे रह सकता है। यह फैसला पहली पत्नी की शिकायत पर पंचायत ने सुनाया।

दढ़ियाल नगर पंचायत के रहने वाले नजाकत की शादी 14 साल पहले उत्तराखंड की अशरा से हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं। करीब 4 साल पहले युवक ने नेहा से दूसरी शादी कर ली। उसका कहना था कि अशरा से बेटा नहीं हो रहा है। हालांकि, नेहा से भी उसे दो बेटियां ही हुईं। पति नेहा के साथ रहता है।

पति के व्यवहार से परेशान होकर पहली पत्नी ने सोमवार को पुलिस चौकी में शिकायत की। अशरा का कहना था कि दूसरी शादी के बाद से पति नजाकत का व्यवहार बदल गया है। वह नेहा के साथ ही रहता है और उसे भरण-पोषण के लिए खर्च भी नहीं देता है। दो बेटियों को पालना उसके लिए मुश्किल हो रहा है।

पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही थी। उससे पहले ही गांव में पंचायत बैठ गई। 3-4 घंटे चली पंचायत के बाद पंचों ने अपना फैसला सुनाया। पंचायत ने कहा कि युवक को हफ्ते में तीन-तीन दिन दोनों पत्नियों के साथ रहना होगा। सप्ताह का एक दिन पति की मर्जी पर निर्भर रहेगा। इसके अलावा उसे पहली पत्नी के घर महीने भर का राशन और 2000 रुपये का खर्च भी देना होगा।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने पंचायत के फैसले को स्वीकार कर लिया है। इसके बाद पहली पत्नी ने पुलिस से अपनी शिकायत आगे नहीं बढ़ाई। स्थानीय पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है। अगर शिकायत मिलती है तो जांच करके कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद दोनों पत्नियां अलग अलग मकान में रहने लगी। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।