मथुरा में चौंकाने वाला मामला: तीन बच्चों की मां ‘जीजा’ बताकर मिलवाने वाले व्यक्ति संग फरार
Shocking case in Mathura: Mother of three children
गोवर्धन (मथुरा)। गोवर्धन क्षेत्र से तीन बच्चों की मां उस शख्स के साथ घर छोड़कर चली गई, जिसे वह लंबे समय से अपने परिवार के सामने जीजा बताकर मिलवाती रही।
आरोप है कि महिला जाते-जाते घर में रखी नकदी और लाखों रुपये के कीमती आभूषण भी साथ ले गई। इस मामले में थाने में प्रार्थना पत्र दिया है।
फरह थाना क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित पति ने बताया कि उनकी शादी करीब 14 वर्ष पहले राजस्थान के कुम्हेर क्षेत्र की महिला से हुई थी। दोनों के दो बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार सामान्य ढंग से चल रहा था।
पत्नी गोवर्धन के एक स्कूल में रसोइया के रूप में काम कर रही थी। करीब एक वर्ष से रामनिवास नाम का व्यक्ति उनके घर आने-जाने लगा था। जब भी उसने इस पर सवाल उठाया तो पत्नी उसे अपना जीजा बताकर शक दूर कर देती थी।
लेकिन, वक्त के साथ पति को दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों पर संदेह होने लगा। आरोप है कि पत्नी कई बार रामनिवास के साथ जाने की बात भी कह चुकी थी, लेकिन उसने इसे गुस्से या नाराजगी में कही बात समझकर गंभीरता से नहीं लिया।
मामले ने 17 मार्च को नाटकीय मोड़ ले लिया। आरोप है कि रामनिवास महिला को स्कूल से ही बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पत्नी देर तक घर नहीं लौटी तो परेशान पति ने फोन किया, लेकिन पत्नी ने घर लौटने से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि महिला घर से नकदी और लाखों के आभूषण भी समेट ले गई है। अब तीन मासूम बच्चों की जिम्मेदारी अकेले पिता के कंधों पर आ गई है।
वहीं घर की जमा-पूंजी भी गायब होने से परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहा है। गोवर्धन थाना प्रभारी भगवत गुर्जर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।