SHO, Investigating Officer and Female

प्रदीप हत्याकांड: लापरवाही पर तत्कालीन SHO, जांच अधिकारी और महिला मुंशी निलंबित

undefined

SHO, Investigating Officer and Female

भिवानी: हरियाणा के भिवानी जिले के बहल में चर्चित प्रदीप हत्याकांड की शुरुआती जांच में कथित लापरवाही बरतने के आरोप में बहल थाना के तत्कालीन एसएचओ, जांच अधिकारी और महिला मुंशी को निलंबित कर दिया गया है। मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद इस मामले में मुख्य आरोपी समेत सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

सिवानी के डीएसपी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रदीप की हत्या आपसी रंजिश के चलते की गई थी। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।

बुधवार को मृतक प्रदीप की बहनें प्रमिला और नीशा अपने परिजनों के साथ लघु सचिवालय पहुंचीं और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जांच में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि उन्होंने घटना से पहले ही संभावित अनहोनी की आशंका, महत्वपूर्ण तथ्य और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दिए थे, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों के गांव के ही एक पुलिस अधिकारी को जांच सौंपी गई, जिसने निष्पक्ष जांच करने के बजाय उन पर दबाव बनाया और अभद्र व्यवहार किया।

परिजनों ने महिला मुंशी पर कार्रवाई आगे बढ़ाने के नाम पर 50 हजार रुपये मांगने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि तत्कालीन एसएचओ ने भी उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया।

मृतक की बहन प्रमिला ने बताया कि दो बहनों के बीच प्रदीप इकलौता भाई था और उसकी हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई।