नीतीश के 'हाईटेक बंगले' पर शिवानंद तिवारी का हमला: "कितने करोड़ खर्च हुए, सार्वजनिक करें"; सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
Shivanand Tiwari Attacks Nitish's 'Hi-Tech Bungalow'
पटना: Shivanand Tiwari Attacks Nitish's 'Hi-Tech Bungalow'अगर नीतीश कुमार सचमुच ईमानदार हैं तो जीतन राम मांझी जी को मुख्यमंत्री बनाने के बाद जब वे उस कोठी में रहने गए थे तब कुल मिलाकर कितने करोड़ रुपये उस पर खर्च हुए हैं इसकी जानकारी सार्वजनिक करें?' उपरोक्त सवाल बिहार के वरिष्ठ समाजवादी नेता और कभी नीतीश कुमार के करीबी रहे शिवानंद तिवारी का है। पूर्व राज्यसभा सांसद शिवानंद तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए नीतीश कुमार से सवाल किया है। नेटिजन्स इस सवाल पर अपनी- अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने शिवानंद तिवारी से ही सवाल कर डाला है। किसी ने यहां तक लिखा है कि आज के जमाने में कौन सा नेता ईमानदार हैं। ध्यान रहे कि शिवानंद तिवारी राजनीतिक, सामाजिक, सिनेमा और संस्कृति से जुड़े मामलों को लेकर लगातार सोशल मीडिया पर लिखते हैं। उनके लेख काफी रोचक, उनके व्यक्ति संस्मरणों से जुड़े होते हैं। लोग काफी पसंद भी करते हैं। ताजा पोस्ट उन्होंने नीतीश कुमार के बंगले की शिफ्टिंग पर किया है।
शिवानंद तिवारी के सवाल?
शिवानंद तिवारी ने अपने पोस्ट में लिखा है- नीतीश जी उसी मकान में रहने जा रहे हैं जहां पूर्व में भी वे भूतपूर्व मुख्यमंत्री के रूप में रह चुके हैं। जीतन राम मांझी जी को कुछ दिनों के लिए जब उन्होंने मुख्यमंत्री बनाया था वही कोठी उनके लिए तैयार की गई थी। उन दिनों प्रशांत किशोर भी उनके साथ हुआ करते थे। वही मकान प्रशांत किशोर का भी कार्यालय रहा। उस कोठी को हाईटेक बनाया गया है। करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं उस घर में। लेकिन कुल कितनी राशि उस कोठी पर खर्च की गई है यह सार्वजनिक नहीं हुआ है। अगर नीतीश कुमार सचमुच ईमानदार हैं तो जीतन राम मांझी जी को मुख्यमंत्री बनाने के बाद जब वे उस कोठी में रहने गए थे तब कुल मिलाकर कितने करोड़ रुपये उस पर खर्च हुए हैं इसकी जानकारी सार्वजनिक करें? शिवानंद तिवारी के इस पोस्ट पर नेटिजन्स ने जमकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
क्या कहते हैं नेटिजन्स?
एक यूजर अविनाश राय ने लिखा है कि ईमानदार तो इस देश में कोई नेता ही नहीं है। भले जनता के बीच में ब्रांड बन जाए। अब कोई लालबहादुर शास्त्री और राजनारायण जैसा कोई नहीं बनेगा। नेता अपने लूटे या न लूटे लेकिन अपने लोगों से देश और राज्य के बजट को जरूर लूटवाता है। एक यूजर के एन दुबे ने भोजपुरी में लिखा है कि आरटीआई लगाईं, डेरात बानी का? लेकिन रऊआ लगाइब ना, ओकर भी कारण मालूम बा। सबके भेद खुल जाई। एक यूजर दीपक कुमार श्रीवास्तव ने शिवानंद तिवारी से सवाल पूछते हुए कहा है कि नीतीश जी आज की राजनीति में शीर्ष नेता हैं। क्या कोई सचमुच इमानदार आदमी इस जगह पर जा सकता है? मैं आप से पूछता हूं। एक अन्य यूजर नीरज सिंह ने लिखा है कि जितना भ्रष्टाचार आज है उसके लिए कौन दोषी है ? बिहार में बहार है चारों और भ्रष्टाचार है।
यूजर्स की राय
कुल मिलाकर शिवानंद तिवारी के पोस्ट को 283 लोगों ने लाइक किया है। 29 लोगों ने उस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उसके अलावा 9 लोगों ने इस पोस्ट को शेयर किया है। ध्यान रहे कि हाल में शिवानंद तिवारी ने बेबाकी के साथ सिर्फ नीतीश कुमार ही नहीं, तेजस्वी यादव को लेकर भी सवाल खड़े किए थे। उन्होंने अपने पोस्ट के माध्यम से कई बार सरकार के अलावा विपक्ष से भी सवाल किया है। शिवानंद तिवारी के सोशल मीडिया पोस्ट का लोग इंतजार करते हैं। एक यूजर ने कहा कि उनके पोस्ट में जानकारी होती है। उनके पोस्ट समकालीन राजनीति के लिए आईने की तरह होते हैं। एक यूजर ने बताया कि वो बिल्कुल सत्य लिखते हैं। राजनीति को लेकर उनके पास एक से एक किस्से हैं, जिसे लोगों को जानना चाहिए। नीतीश कुमार हो या तेजस्वी यादव शिवानंद तिवारी किसी से भी सवाल कर सकते हैं। करते भी हैं।