शिमला में मौसम का हाल: 20 फरवरी से 25 फरवरी तक का पूर्वानुमान

शिमला में मौसम का हाल: 20 फरवरी से 25 फरवरी तक का पूर्वानुमान

Shimla weather forecast from February

Shimla weather forecast from February

शिमला। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने 20 फरवरी के लिए पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने 22 फरवरी तक प्रदेशभर में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। 23 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्के हिमपात की संभावना है।

वहीं, 24 और 25 फरवरी को मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात के कारण ठंड है। प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले पहाड़ी कुछ इलाकों में तापमान अभी भी शून्य से नीचे बना हुआ है।

बता दें, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हिमपात के बाद गुरुवार को ज्यादातर हिस्सों में तेज धूप खिली। मैदानी और निचले इलाकों में कोहरे का असर नहीं देखा गया। इससे लोगों को ठंड से राहत मिली है।

बीते 24 घंटे में लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। पहली जनवरी से अब तक सामान्य से 28 प्रतिशत कम वर्षा हुई। इससे कृषि, बागवानी और जलस्रोतों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

गुरुवार को पर्यटकों ने मनाली के सोलंगनाला में बर्फ के बीच खूब मस्ती की। पर्यटकों ने अटल टनल रोहतांग का भी रुख किया। 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है और अधिकांश स्थानों पर यह सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा। अधिकतम तापमान में कई जगह गिरावट दर्ज की गई, हालांकि कुछ स्थानों पर यह सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक ऊपर रहा।