सिरमौर की शीना पंचायत में फिर बनी मिसाल, सर्वसम्मति से चुने गए प्रधान-उपप्रधान
Sheena Panchayat in Sirmaur
सिरमौर जिले की शीना पंचायत ने पंचायत चुनावों से पहले एक बार फिर अनूठी मिसाल पेश की है। ग्रामीणों ने आपसी सहमति और भाईचारे का परिचय देते हुए पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों का निर्विरोध चयन कर लिया है, जिसके चलते यहां इस बार मतदान नहीं होगा।
बताया जा रहा है कि पच्छाद उपमंडल की यह पंचायत वर्ष 2021 में डिलमन पंचायत से अलग होकर अस्तित्व में आई थी। पहली बार गठन के दौरान भी यहां सर्वसम्मति से चुनाव हुए थे और अब दूसरी बार भी ग्रामीणों ने उसी परंपरा को कायम रखा है। इससे पहले जिले की दाड़ो देवरिया और टटियाना पंचायत भी निर्विरोध चुनी जा चुकी हैं।
पंचायत घर में आयोजित आम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक में पूर्व प्रधान सुशीता देवी, जगदीश चंद, सुभाष अत्री, कृष्ण शर्मा और उषा सूद सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से यशवंत सिंह ठाकुर को पंचायत प्रधान और देवराज कश्यप को उपप्रधान चुना। हालांकि आधिकारिक पुष्टि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी, लेकिन शीना पंचायत के इस फैसले की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।