पंजाब में भीषण गर्मी का कहर, स्कूलों में जल्द छुट्टियों की मांग तेज
Severe Heatwave in Punjab
Punjab में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कई इलाकों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जबकि Bathinda में पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया है।
तेज धूप और हीटवेव का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। ऐसे में अभिभावकों ने स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां जल्द घोषित करने की मांग तेज कर दी है।
माता-पिता का कहना है कि पिछले तीन से चार दिनों में तापमान में अचानक 4 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। दोपहर के समय स्कूलों की छुट्टी होने पर तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच बच्चों को घर लौटने में काफी परेशानी हो रही है।
अभिभावकों के अनुसार बच्चों के साथ लाया गया पानी भी गर्म हो जाता है और लू के कारण स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार और शिक्षा विभाग से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गर्मियों की छुट्टियां जल्द घोषित की जाएं।
बढ़ती गर्मी और लगातार उठ रही मांग के बीच यह संभावना जताई जा रही है कि स्कूलों में इसी सप्ताह छुट्टियों की घोषणा की जा सकती है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार पंजाब में अधिकतम तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और कुछ जिलों में पारा 47 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है।
स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।