भिवानी में सनसनीखेज हनीट्रैप कांड: मां ने बेटे संग बुजुर्ग को फंसाया, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
- By Gaurav --
- Monday, 23 Mar, 2026
Sensational honeytrap case in Bhiwani: Mother traps elderly man along with son, police makes big rev
हरियाणा के भिवानी में हनीट्रैप का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पैसों के लालच में एक महिला ने अपने ही बेटे के साथ मिलकर बुजुर्ग को ब्लैकमेल करने की साजिश रच डाली। महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मां-बेटे सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी महेश कुमार ने बताया कि भिवानी की एक महिला ने बापोड़ा गांव के 62 वर्षीय बुजुर्ग को मकान किराये पर दिलाने के बहाने जाल में फंसाया। महिला ने बुजुर्ग को रोहतक जिले के महम कस्बे की एक महिला का नंबर दिया। जब बुजुर्ग ने उससे संपर्क किया तो वह उसे भिवानी में मकान दिखाने के बहाने ले गई और वहीं से हनीट्रैप का खेल शुरू हुआ।
आरोप है कि महिला बुजुर्ग को मकान के अंदर ले गई और दरवाजे बंद कर छेड़छाड़ व दुष्कर्म का केस दर्ज कराने की धमकी दी। इसके बदले में आरोपियों ने बुजुर्ग से 20 लाख रुपये की मांग की। किसी तरह वहां से निकलने के बाद भी दोनों महिलाएं लगातार फोन कर पैसे मांगती रहीं और अंत में 4 लाख रुपये का चेक व 1 लाख रुपये नकद देने का दबाव बनाने लगीं।
गनीमत रही कि बुजुर्ग ने फोन पर हुई बातचीत रिकॉर्ड कर ली और अपने बेटे को भेज दी। इसके बाद पीड़ित के बेटे ने पुलिस से संपर्क किया और योजना बनाकर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़वाया। जब आरोपियों को 4 लाख रुपये का चेक और 1 लाख रुपये नकद दिया जा रहा था, तभी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर भिवानी के मां-बेटे, एक वकील और महम निवासी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन, 2 बाइक, 4 लाख रुपये का चेक और 1 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
परिजनों की सूझबूझ और समय रहते पुलिस को सूचना देने के कारण बुजुर्ग व्यक्ति एक बड़े हनीट्रैप गिरोह के जाल में फंसने से बच गया। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।