ग्रेटर नोएडा में सनसनी: पिता की पिस्टल से छात्र ने खुद को मारी गोली, पीछे छोड़ गया अनसुलझी पहेली।
Sensation in Greater Noida: Student shoots himself with father's pistol,
Sensation in Greater Noida: Student shoots himself with father's pistol, बादलपुर क्षेत्र के धूममानिकपुर गांव में शनिवार शाम एक 18 वर्षीय छात्र ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार ली। उसे गंभीर हालत में स्वजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस व फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान धूममानिकपुर गांव निवासी देवकरण के रूप में हुई है। वह दादरी स्थित एनटीपीसी स्कूल में 12वीं का छात्र था। परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई है, जो दिव्यांग बताया गया है। मृतक के दादा सेना से सेवानिवृत्त हैं और गांव में खेती करते हैं। पिता परवेंद्र रावल किसान होने के साथ प्रापर्टी का काम भी करते हैं।
स्वजन के मुताबिक घटना से पहले देवकरण दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में गया था। आरोप है कि उसने अपने मोबाइल का डाटा डिलीट किया और लैपटाप को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद घर में रखी पिता की लाइसेंसी पिस्टल से अपने सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर उसकी मां और छोटा भाई ऊपर पहुंचे तो देखा कि वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था।
उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। उसे घायल अवस्था में तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरणों की जांच के साथ-साथ पारिवारिक व अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों और स्वजन के अनुसार देवकरण शांत स्वभाव का था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।