संजय निषाद की भावुक अपील: गोरखपुर में रैली ने मचाई राजनीतिक हलचल

संजय निषाद की भावुक अपील: गोरखपुर में रैली ने मचाई राजनीतिक हलचल

Sanjay Nishad Emotional Appeal

Sanjay Nishad's Emotional Appeal

Sanjay Nishad: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित एक बड़ी जनसभा रव‍िवार को उस समय चर्चा का केंद्र बन गई, जब निषाद पार्टी के प्रमुख और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद मंच पर संबोधन देते-देते अचानक भावुक हो गए. गोरखपुर के महंत दिग्विजयनाथ पार्क में हजारों कार्यकर्ताओं के बीच बोलते हुए उनकी आंखें भर आईं और वे फूट-फूटकर रो पड़े.

हमारे समाज के साथ अन्याय हुआ

संजय निषाद ने भावुक स्वर में कहा कि उनके समाज के लोगों के साथ वर्षों तक अन्याय हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने निषाद समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया और उनके अधिकारों को नजरअंदाज किया. उन्होंने कहा कि हमारी बहन-बेटियों की इज्जत लूटी गई, हमारे बच्चों को पीछे धकेल दिया गया. यह कहते हुए उनका गला भर आया और वे खुद को संभाल नहीं पाए. 

मंच से समाज को एकजुट होने की अपील

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने समाज के लोगों से भावुक अपील की कि वे ठगों और बेईमानों का साथ छोड़ें और अपनी राजनीतिक ताकत को मजबूत करें. उन्होंने कहा कि अगर समाज खुद खड़ा होगा, तभी उसकी आवाज मजबूत होगी. “अपनी पार्टी को मजबूत करो, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित होगा.”

सीएम को दिया समर्थन, विपक्ष पर हमला

संजय निषाद ने मौजूदा सरकार की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने निषाद समाज की पीड़ा को समझा है और उनकी मांगों को सदन में उठाया है. वहीं, विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पहले उनके समाज को गुमराह किया गया और शिक्षा व रोजगार से दूर रखा गया. 

रैली और शक्ति प्रदर्शन से चुनावी संकेत

इस भावुक भाषण से पहले निषाद पार्टी ने गोरखपुर में शक्ति प्रदर्शन भी किया. मोटरसाइकिल रैली में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए और शहर के प्रमुख इलाकों से होते हुए रैली निकाली गई. इस दौरान खुद संजय निषाद बुलेट पर सवार होकर रैली की अगुवाई करते नजर आए, जो पार्टी के चुनावी तेवर का संकेत माना जा रहा है.

2027 चुनाव से जुड़ी रणनीति का हिस्सा?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संजय निषाद का यह भावुक अंदाज सिर्फ एक व्यक्तिगत प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि यूपी व‍िधानसभा चुनाव 2027 की चुनावी रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है. निषाद समाज की राज्य में अच्छी-खासी आबादी और करीब 160 विधानसभा सीटों पर प्रभाव को देखते हुए यह भावनात्मक अपील वोटरों को जोड़ने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है.

वायरल वीडियो से बढ़ी सियासी चर्चा

मंच पर रोने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इससे न सिर्फ निषाद पार्टी चर्चा में आ गई है, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल भी गरमा गया है. अब देखना होगा कि गोरखपुर से उठी यह भावनात्मक लहर चुनावी नतीजों में कितना असर दिखा पाती है.