“संभल: महाशिवरात्रि पर बुर्का पहनकर जलाभिषेक करने वाली दंपती को मिली धमकियां”
"Sambhal: Couple wearing burqa for performing Jalabhishek
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में महाशिवरात्रि पर बुर्का पहनकर जलाभिषेक करने वाली तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी को कथित तौर पर धमकियां मिली हैं. दंपती ने इस संबंध में असमोली थाने में पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है और सुरक्षा की मांग की है. बताया जा रहा है कि तमन्ना मलिक असमोली थाना क्षेत्र के बदनपुर बसेई गांव की रहने वाली हैं. हाल ही में बुर्का पहनकर कांवड़ लेकर आई थीं. इसके बाद महाशिवरात्रि के अवसर पर संभल स्थित क्षेमनाथ तीर्थ पर अपने पति अमन त्यागी के साथ बुर्का पहनकर ही जलाभिषेक किया था.
सोशल मीडिया के जरिए मिली धमकी
तमन्ना मलिक और उनके पति अमन त्यागी ने असमोली थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उन्हें कट्टरपंथी लोगों की ओर से जान से मारने और जिंदा जलाने की धमकियां दी जा रही हैं. उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो भी डाले गए हैं, जिनके जरिए उन्हें डराने की कोशिश की जा रही है.
FIR दर्ज करने की मांग
तमन्ना मलिक ने परिवार की सुरक्षा का हवाला देते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज करने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है. उनका कहना है कि उन्हें और उनके परिवार को खतरा है, इसलिए सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए. फिलहाल असमोली थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.