हिमाचल में तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहट तेज, राजनीतिक दलों की बढ़ी हलचल
Rumours of a third front gain momentum in Himachal,
शिमला। Rumours of a third front gain momentum in Himachal, हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव से करीब दो वर्ष पहले तीसरे मोर्चे की सुगबुगाहट तेज हो गई है। नेताओं की बैठकों की आहट के बाद राजनीतिक दल भी सक्रिय हो गए हैं। हर नेता की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि हिमाचल में अभी दो ही दल प्रमुख हैं।
तीसरे मोर्चे में जब बड़ी संख्या में लोग होंगे तो परेशानी तो जरूर खड़ा करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीसरे मोर्चे के गठन की जो प्रक्रिया चली है, वह कांग्रेस को नहीं, बल्कि भाजपा को परेशान करेगा। इस मोर्चे में भाजपा के लोग ज्यादा हैं। कांग्रेस को इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला।
जन्मदिन पर पार्टी कार्यालय में काटा केक
अपने जन्मदिन के मौके पर पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि उनके लिए यह खुशी का पल है कि वह जन्मदिन को अपने परिवार कांग्रेस पार्टी के साथ मना रहे हैं। प्रदेशभर से कांग्रेस नेताओं ने उन्हें यहां आकर बधाई दी है और कुछ ने इंटरनेट मीडिया के जरिए, इसके लिए वह उनका आभार व्यक्त करते हैं।
कांग्रेस कार्यकारिणी का एलान कभी भी, वरिष्ठ नेताओं को भी जिम्मेदारी
कांग्रेस अध्यक्ष ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी का एलान कभी भी हो सकता है। उन्होंने कार्यकारिणी की सूची तैयार कर हाईकमान को सौंप दी है। कांग्रेस आलाकमान के वरिष्ठ नेताओं की अन्य राज्यों के चुनाव में व्यस्तता के चलते मामला लटका हुआ है। उम्मीद है कि एक दो दिनों में सूची जारी हो जाए।
तालमेल से बनेगी कार्यकारिणी
उन्होंने कहा कि नए व पुराने नेताओं के तालमेल से कार्यकारिणी बनेगी। युवा चेहरों को मौका दिया जाएगा। वरिष्ठ नेताओं के अनुभव से कार्यकारिणी अभी तक आगे बढ़ी है, ऐसे में इनकी भूमिका भी कार्यकारिणी में रहेगी। उनके अनुभव ने जिस राह से कांग्रेस को आज तक आगे चलाया है वह आने वाले दिनों के लिए भी जरूरी है।
कार्यकारिणी में एससी, एसटी व ओबीसी के अलावा महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व मिलेगा। प्रदेश कार्यकारिणी के अलावा जिला व ब्लाक स्तर पर भी कमेटी गठन की प्रक्रिया चली है। पंचायत व शहरी निकाय चुनाव में भी इस बार कांग्रेस नेताओं को मैदान में उतारा जाएगा।
कांग्रेस मुख्यालय में डाली नाटी
कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के जन्मदिन के मौके पर पार्टी मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने केक काटा और नाटी डाली। प्रदेशभर से कार्यकर्ता बधाई देने के लिए शिमला पहुंचे थे। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।