कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत; कहा- मैं निडर हूं, मुझे कुछ नहीं छिपाना, ED सरकार के इशारों पर काम कर रही
Robert Vadra Gets Bail In Shikohpur Land Deal Money Laundering Case
Robert Vadra Money Laundering: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा को गुरुग्राम के चर्चित शिकोहपुर ज़मीन सौदे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत मिल गई है। रॉबर्ट वाड्रा आज शनिवार को दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। जहां कोर्ट ने उन्हें बड़ी राहत देते हुए जमानत दे दी। इससे एक दिन पहले ही कोर्ट ने इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार्जशीट का संज्ञान लिया था और आरोपी रॉबर्ट वाड्रा व अन्य लोगों को पेश होने के लिए समन जारी किया गया था।
कोर्ट से ज़मानत मिलने पर क्या बोले रॉबर्ट वाड्रा?
इधर कोर्ट से ज़मानत मिलने के बाद कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा ने मीडिया से बातचीत की और इस पूरे मामले को लेकर ED और सरकार पर हमला बोला। वाड्रा ने कहा कि उन्हें राजनीतिक साजिश के साथ निशाना बनाया जा रहा है। सभी को पता है यह सरकार चुनाव जीतने के लिए क्या-क्या कर सकती है और किस तरह से ED का सहारा लेती है। उन्होंने कहा कि ED को सरकार चला रही है और ED सरकार के इशारों पर ही काम करती रहेगी। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि, इस मामले में कुछ भी नहीं है।
मैं निडर हूं, मुझे कुछ नहीं छिपाना
वहीं रॉबर्ट वाड्रा ने आगे कहा कि मुझे इस देश की न्यायिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। मैं हमेशा यहीं रहूंगा और ईडी और कोर्ट की सारी जांच में शामिल होकर सभी सवालों के जवाब दूंगा। उन्होंने कहा कि मैं निडर हूं और मुझमें ED को झेलने की क्षमता है और मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। बस ED को झेलना है क्योंकि वह सरकार के निर्देशों पर काम कर रही है। बता दें कि गुरुग्राम के चर्चित शिकोहपुर लैंड मामले में रॉबर्ट वाड्रा पर ED ने लगातार शिकंजा कस रखा है। इस मामले में उनसे कई बार पूछताक्ष भी की जा चुकी है।
मेरे जीजा को सरकार 10 साल से कर रही परेशान- राहुल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था, ''मेरे जीजा को पिछले दस साल से यह सरकार परेशान कर रही है। उन्हें दुर्भावनापूर्ण, राजनीतिक रूप से प्रेरित बदनामी और उत्पीड़न का एक और हमला झेलना पड़ रहा है। मुझे पता है कि वे किसी भी तरह के उत्पीड़न का सामना करने के लिए पर्याप्त बहादुर हैं और वे गरिमा के साथ ऐसा करते रहेंगे। आखिरकार सच्चाई की जीत होगी''। वहीं पूरी कांग्रेस ने मोदी सरकार पर ED के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया था।
क्या है शिकोहपुर लैंड डील मामला?
ज्ञात रहे कि शिकोहपुर हरियाणा के गुरुग्राम जिले का एक प्रमुख इलाका है, वहीं रॉबर्ट वाड्रा का यह मामला करीब 3.5 एकड़ जमीन (Shikohpur Land Deal) से संबंधित बताया जाता है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि वाड्रा की कंपनी ने अवैध तरीके से जमीन खरीदी थी और मनी लॉन्ड्रिंग की गई थी। जिसके बाद (Enforcement Directorate (ED) ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर इस मामले में जांच शुरू की थी।