कुरुक्षेत्र में सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत: यमुनानगर के एक ही परिवार के 5 सदस्य शामिल
- By Gaurav --
- Tuesday, 30 Sep, 2025

Road accident in Kurukshetra, 6 people killed:
Road accident in Kurukshetra, 6 people killed: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर स्विफ्ट और हैरियर गाड़ियों की टक्कर हुई। मृतकों में यमुनानगर के एक ही परिवार के 5 सदस्य और उनका ड्राइवर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में पवन (57), उनकी पत्नी उर्मिला (49), बेटी वंशिका (23), भाई राजेंद्र (53) और छोटे भाई संजय की पत्नी सुमन (45) शामिल हैं। कार चालक प्रवीण पुत्र स्वराज भी इस हादसे का शिकार हुए। टाटा हैरियर में सवार चार अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो अंबाला दवाई लेने जा रहे थे।
यह परिवार यमुनानगर से पवन के साले राजेश के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा था, जिनकी देर रात 2 बजे हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसी वजह से पवन अपने बेटे कृष्णा तन्मय को चाचा के घर छोड़कर गए थे। हादसे के बाद तन्मय का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वंशिका के लिए रिश्ता भी देख रहा था।
पुलिस ने दोपहर बाद सभी शवों का एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया। इसके बाद 3 एम्बुलेंस शवों को लेकर यमुनानगर पहुंचीं। शाम के समय एक साथ परिवार के 5 सदस्यों की चिता जली। 13 वर्षीय तन्मय ने अपने माता-पिता और बहन को मुखाग्नि दी, जबकि परिवार की अन्य महिला को उनके पति ने मुखाग्नि दी।
मृतक प्रवीण यमुनानगर में एक फैक्ट्री में खराद का काम करते थे। करीब 3 साल पहले उनके बड़े बेटे की मौत हो गई थी। प्रवीण अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं और वह अपने घर में अकेले कमाने वाले थे। पवन और राजेंद्र के पास गाड़ी थी, लेकिन वे ड्राइविंग नहीं जानते थे, इसलिए वे पड़ोसी प्रवीण को अपने साथ ले गए थे।