‘शादी कोई उपलब्धि नहीं...’ ट्विशा शर्मा केस के बीच रिधि डोगरा का पोस्ट चर्चा में

‘शादी कोई उपलब्धि नहीं...’ ट्विशा शर्मा केस के बीच रिधि डोगरा का पोस्ट चर्चा में

Ridhi Dogra On Twisha Sharma Case

Ridhi Dogra On Twisha Sharma Case

हैदराबाद: Ridhi Dogra On Twisha Sharma Case: त्विशा शर्मा और दीपिका नागर की हालिया दहेज हत्या की घटनाओं ने देशभर को हिलाकर रख दिया है. इन दोनों केसों में आए दिन नए मोड़ देखने को मिल रहे हैं. शादी और मॉर्डन रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं को फिर से तेज कर दिया है. इन सब के बीच एक्ट्रेस रिद्धि डोगरा ने एक लंबा-चौड़ा नोट सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें उन्होंने युवाओं से शादी को जरूरत से ज्यादा रोमांटिक बनाना बंद करने का आग्रह किया.

'शादी को जरूरत से ज्यादा रोमांटिक बनाना बंद करेंट'

22 मई को रिद्धि ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक नोट साझा किया, जिसमें लिखा था, 'यंग गर्ल्स और यंग ब्यॉज, यह 2026 है. प्लीज शादी को जरूरत से ज्यादा रोमांटिक बनाना बंद करें. आपके माता-पिता का जमाना और जिस दुनिया में वे बड़े हुए, वह अब बीत चुकी है. शादी अब वैसी नहीं रही है. लड़कों को यह जान लेना चाहिए कि लड़कियां वह सब आंख मूंदकर नहीं करेंगी जो आप उनसे करने को कहेंगे, क्योंकि कानूनों वगैरह ने उन्हें सशक्त बना दिया है.'

लड़कों को मॉर्डन जमाने की लड़कियों की सोच के बारे में बताते हुए एक्ट्रेस लिखती हैं, 'आज, वे नौकरी पा सकती हैं/रहने की जगह/आमदनी और समाज में शांति से रह सकती हैं. इसलिए उन्हें भेड़ों की तरह आपके पीछे-पीछे चलने या आपके आदेश मानने की जरूरत नहीं है. लड़कियों को गुजारे के लिए शादी की जरूरत नहीं है. साथ के लिए? हां. लेकिन निर्भरता के लिए नहीं. भले ही वे प्यार की वजह से ऐसा करना चाहें. उनकी अपनी पहचान बार-बार उन्हें इस बात का एहसास दिलाएगी. वे निराश होंगी क्योंकि दुनिया बदल चुकी है.'

लड़कियों को सलाह देते हुए रिद्धि आगे लिखती हैं, 'और लड़कियों, प्लीज अपने बॉयफ्रेंड से यह उम्मीद मत करना कि शादी के बाद वे 'मिस्टर प्रिंस चार्मिंग' बन जाएंगे. वे भी इंसान हैं और इस नई दुनिया को समझने की कोशिश कर रहे हैं. उनके लिए यह दुनिया ज्यादा नई है क्योंकि उन्होंने हमेशा पुरुषों को 'पुरुषों जैसा' ही देखा है. लेकिन समाज के नियम बदल गए हैं और उनसे पहले जिस तरह के व्यवहार की उम्मीद की जाती थी, वह भी अब बदल चुका है. प्लीज किसी भी तरह की परियों की कहानी की उम्मीद मत करना. खुद को शिक्षित करो. अपने लिए जियो. और प्लीज, अपने हक के लिए खुद खड़ी हो. यह उम्मीद मत करो कि कोई और आकर तुम्हारे लिए खड़ा होगा.'

आखिरी में उन्होंने लिखा है, 'एक-दूसरे से प्यार और सम्मान के लिए शादी करो. ऐसे इंसान से शादी करो जिसे तुम एक 'इंसान' के तौर पर प्यार करते हो. और प्लीज, अपने माता-पिता को अपनी निजी जिंदगी से दूर रखो. और अगर तुम दूसरों को शामिल किए बिना अपनी जिंदगी नहीं जी सकते, तो यह शादी नहीं, बल्कि एक भीड़ है. शादी का एक सम्मानजनक बंधन सिर्फ दो लोगों के बीच होता है. कभी भी दो से ज्यादा लोगों के बीच नहीं.'

समानता पर क्या बोलीं रिद्धि?

रिद्धि ने दूसरे नोट में समानता की बात की है. इसमें उन्होंने लिखा है, 'फेमिनिज़्म' (नारीवाद) शब्द का मतलब आज बहुत ही घटिया बना दिया गया है. लेकिन असली फेमिनिज्म का मतलब सिर्फ बराबरी है. बस इतना ही. न इससे ज्यादा, न इससे कम. जब मैं लड़कियों के लिए बोलती हूं, तो मैं लड़कों के लिए भी बोलती हूं. जब मैं मानसिक सेहत की बात करती हूं, तो वह दोनों जेंडर्स के लिए होती है. फेमिनिज्म का मकसद कभी भी पुरुषों को नीचा दिखाना नहीं रहा. हां, इसकी शुरुआत जरूर बहुत जोर-शोर और गुस्से के साथ हुई थी, क्योंकि हर क्रांति की शुरुआत ऐसे ही होती है. लेकिन आज हालात वैसे नहीं हैं.'

उन्होंने आगे लिखा है, 'आज महिलाओं के पास मौके हैं. जमाना बदल गया है. जिस चीज के लिए हर महिला ने लड़ाई लड़ी थी, वह आज असल में मौजूद है. और हमें यह भी कभी नहीं भूलना चाहिए. हम शिव और शक्ति की धरती से हैं. ये दोनों हमेशा साथ चलते हैं. और ऐसा तभी हो सकता है, जब आप खुद से और दूसरों से प्यार और इज्जत के साथ पेश आएं. आइए, हम दोनों के लिए ही, पूरी बराबरी के साथ गरिमा और सम्मान बनाए रखें.'

क्या है त्विशा शर्मा और दीपिका का मामला?

33 वर्षीय त्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में मृत पाई गई थी. उनके परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया, जबकि पति के परिवार ने दावा किया कि वह नशे की आदी थीं.

दूसरी ओर, 24 वर्षीय दीपिका नागर ने 17 मई को ग्रेटर नोएडा में अपने ससुराल की छत से कूदकर जान दे दी थी. उनके परिवार ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले उन्हें दहेज के लिए परेशान कर रहे थे.