Rewari's new bus stand project begins after 13 years; MLA

13 साल बाद शुरू हुआ रेवाड़ी का नया बस स्टैंड प्रोजेक्ट, विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने किया भूमि पूजन

undefined

Rewari's new bus stand project begins after 13 years; MLA

रेवाड़ी। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 13 वर्षों से लंबित नए बस स्टैंड परियोजना का कार्य बुधवार को शुरू हो गया। लक्ष्मण सिंह यादव ने सेक्टर-12 स्थित प्रजापति चौक के पास प्रस्तावित नए बस स्टैंड का विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

सनसिटी के सामने लगभग 20 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस आधुनिक बस स्टैंड पर करीब 65 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह परियोजना शहर के यातायात प्रबंधन और यात्रियों की सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नए बस स्टैंड में आधुनिक सुविधाएं विकसित किए जाने की योजना है, जिससे रेवाड़ी को एक सुव्यवस्थित परिवहन केंद्र मिल सकेगा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2013 में कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में इस परियोजना का शिलान्यास किया गया था। हालांकि विभिन्न प्रशासनिक और अन्य कारणों से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। अब 18 फरवरी 2026 से इसका औपचारिक निर्माण कार्य आरंभ हो पाया है। बारिश के बीच शुभ मुहूर्त में हुए भूमि पूजन को शहर के विकास की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान एक चर्चा यह भी रही कि रेवाड़ी रोडवेज के जीएम निरंजन शर्मा समारोह में उपस्थित नहीं थे। फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें विधायक कार्यालय या लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्यक्रम की कोई सूचना नहीं मिली थी, जबकि वे उस समय रेवाड़ी में ही मौजूद थे।

शहरवासियों को उम्मीद है कि अब यह परियोजना तय समयसीमा में पूरी होगी और रेवाड़ी को जल्द ही आधुनिक एवं सुविधायुक्त बस स्टैंड की सौगात मिलेगी।