पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का बयान
Revenue Minister Jagat Singh Negi's Statement
शिमला। Revenue Minister Jagat Singh Negi's Statement, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात आम आदमी की जेब पर भारी पड़ रहे हैं और यदि यही स्थिति रही तो ईंधन के दाम जल्द ही 150 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकते हैं।
सचिवालय स्थित कार्यालय में जगत सिंह नेगी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि करीब 12 वर्ष पहले जब यूपीए सरकार सत्ता में थी, उस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत लगभग 108 डालर प्रति बैरल थी, लेकिन देश में पेट्रोल करीब 55 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था।
पेट्रोल-डीजल 100 रुपये प्रति लीटर
उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी कच्चे तेल की कीमतें लगभग उसी स्तर पर हैं, इसके बावजूद पेट्रोल-डीजल 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है, जो केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की गलत आर्थिक नीतियों का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। प्रदेश में जल्द ही पर्यटन सीजन और सेब सीजन शुरू होने वाला है, ऐसे में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिसका असर पर्यटन कारोबार और बागवानी पर पड़ेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए नेगी ने कहा कि सरकार को बड़े उद्योगपतियों और अंतरराष्ट्रीय दबावों से बाहर निकलकर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आर्थिक नीतियों से सीख लेनी चाहिए। उनका दावा था कि ऐसी नीतियां ही देश की आर्थिक स्थिरता और वैश्विक स्तर पर मजबूती सुनिश्चित कर सकती हैं।
ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का हो रहा इस्तेमाल: नेगी
उन्होंने देश में दो आपातकाल जैसी स्थिति होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर दबाव है और सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर ईडी व सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर अघोषित आर्थिक आपातकाल के चलते आम लोगों की क्रय शक्ति प्रभावित हो रही है।
“काकरोच” टिप्पणी विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए नेगी ने कहा कि शीर्ष पदों पर बैठे लोगों द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं को रोजगार देने पर ध्यान देना चाहिए, न कि इस प्रकार की बयानबाजी पर।