ग्रेटर नोएडा में सेवानिवृत्त कर्नल से फ्लैट के नाम पर 61 लाख रुपये की धोखाधड़ी

ग्रेटर नोएडा में सेवानिवृत्त कर्नल से फ्लैट के नाम पर 61 लाख रुपये की धोखाधड़ी

Retired colonel duped of Rs 61 lakh

Retired colonel duped of Rs 61 lakh in Greater Noida flat scam

  1. सेवानिवृत्त कर्नल से फ्लैट के नाम पर धोखाधड़ी।

  2. जालसाजों ने 61 लाख रुपये हड़प लिए।

  3. कोर्ट ने पुलिस को कार्रवाई का आदेश दिया।

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल से जालसाजों ने फ्लैट के नाम पर धोखाधड़ी कर 61 लाख रुपए हड़प लिए। जीवन भर की गाढ़ी कमाई फ्लैट के नाम पर देने वाले पीड़ित कर्नल पत्नी व दो बेटियों के साथ किराए के मकान में रहने को मजबूर हैं।

पीड़ित की गुहार पर कोर्ट ने बीटा दो कोतवाली पुलिस को आरोपितों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया है।

गुरुग्राम के जलवायु टावर निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से सेवानिवृत्त शंभुनाथ ठाकुर की नवंबर 2023 में रियल स्टेट कारोबारी राजू से मुलाकात हुई थी। पीड़ित ने राजू से ग्रेटर नोएडा के सेक्टर चाई वन में फ्लैट लेने की मंशा बताई।

डेढ़ करोड़ में किया फ्लैट का सौदा 

राजू ने समीना अहमद उर्फ डिंपल और सौरभ निवासी गगन कांप्लेक्स सिविल लाइन ईस्ट कानपुर से उनका संपर्क कराया। आरोपितों के माध्यम से डेढ़ करोड़ में फ्लैट का सौदा तय किया। उन्होंने उसी दिन एक लाख रुपए टोकन मनी के रूप में समीना को दे दिए।

इसके बाद संबंधित कागजात पर दोनों पक्ष ने हस्ताक्षर आदि किए। पीड़ित ने 31 नवंबर 2025 तक आरोपितों को विभिन्न माध्यम से करीब 61 लाख रुपये भुगतान कर दिए। फिर भी आरोपित अंतिम डीड करने को लेकर टालमटोल कर रहे हैं।

पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई

बताया कि फ्लैट का बैनामा करने को लेकर दबाव बनाने पर आरोपितों ने पीड़ित के साथ गाली गलौज किया। गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पीड़ित ने आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाई। सामने आया कि कानपुर नगर कोतवाली में आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला पूर्व में ही दर्ज है। परेशान पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई थी।

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कोर्ट के आदेश की कापी मिलते ही आरोपितों पर मामला दर्ज कर जांच में मिले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।