“बिजली उपभोक्ताओं में नाराज़गी: पोस्टपेड से प्रीपेड मीटर बदलाव पर सवाल”
Resentment Among Electricity Consumers
लखनऊ। Resentment Among Electricity Consumers, अरे सर हमें यह बताइए, हमारे पोस्ट पेड मीटर को मुझसे बिना पूछे प्री पेड में क्यों बदल दिया गया? दुकान बंद थी और दुकान के बाहर लगे मीटर को कर्मचारी आकर बदल गए और फिर उसे तीस दिन बाद प्री पेड कर देते हैं। आखिर कौन-सा ऐसा दबाव बिजली विभाग पर है जो ऐसा कर रहा है और उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है?
कुछ ऐसे ही सवाल मध्यांचल के 19 जिलाें से दैनिक जागरण द्वारा आयोजित प्रश्न प्रहर में आए। एक भी शिकायत बिजली आपूर्ति से जुड़ी नहीं थी। हर उपभोक्ता में पोस्ट पेड से प्री पेड करने को लेकर नाराजगी है। उपभोक्ताओं का तर्क है कि अगर बहुत ज्यादा जरूरी था तो उन उपभोक्ताओं को चुनते थे, जिन पर बकाया है, जिनसे बकाया वसूली के लिए विभाग को मशक्कत करनी पड़ती है।
ऐसे ही तमाम सवाल का जवाब लखनऊ मध्य के मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल ने दैनिक जागरण के प्रश्न प्रहर में उपभोक्ताओं को दिए। उन्होंने प्री पेड की खूबियां बताने के साथ ही यूपीपीसीएल स्मार्ट एप के बारे में बताया।
साथ ही यह भी बताया कि अगर प्रदेश में प्री पेड से जुड़े कोई आदेश वरिष्ठ स्तर से दिए जाते हैं तो उनका अनुपालन कराया जाएगा। फिलहाल वर्तमान में प्री पेड से पोस्ट पेड और नए कनेक्शन पोस्ट पेड में देने का कोई आदेश अभी तक नहीं आया है, जिससे उल्लेख हो कि प्री पेड से पोस्ट पेड कर दिए जाए।
प्र. पोस्ट पेड से प्री पेड करने के बाद एक निर्धारित धनराशि बनाई जाए कि दो हजार माइनस होने पर कनेक्शन कटेगा। क्योंकि सबके पास पैसा नहीं है, हर दिन रिचार्ज कराते रहे। बड़े बकाएदारों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।
विनय तिवारी, बेनीगंज, हरदोई
उ. अभी तक निर्धारित धनराशि बकाया हाेने पर कनेक्शन कटेगा, इसको लेकर गाइडलाइन जारी नहीं हुई है। बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
प्र. सर यह कौन सा तरीका है? बिना पूछे पोस्ट पेड से प्री पेड कर दे रहे हैं। अब ताे केंद्रीय ऊर्जा मंत्री ने भी लोकसभा में कह दिया है। क्यों जबरन यह सब किया जा रहा है?
राम सरन गुप्ता, पलिया, लखीमपुर
उत्तर. यह नीतिगत मामला है। वरिष्ठों का आदेश अगर काेई ऐसा आता है, जिसमें प्री पेड से पोस्ट पेड किए जाए तो जरूर मदद की जाएगी।
प्र. मेरे द्वारा खाता संख्या 9567110000 पर गलती से 1408 रुपये अधिक बिल जमा कर दिया गया था। यह खाता मेरा ही है। 1912 पर शिकायत की, हर बार मैसेज आता है, समस्या हल हो गई।
इस धनराशि को बिल में मर्ज करवाना है। कोई सुनवाई नहीं हो रही।
टीके चटर्जी, सेक्टर पी, अलीगंज, लखनऊ
उ. आपका खाता संख्या मैने नोट कर लिया और फोन नंबर भी। आपका पूरा मामला दिखवाकर हल करवाया जाएगा।
प्र. प्री पेड मीटर में कितना पैसा जमा कर दें, जिससे बार-बार रिचार्ज न करना पड़े। एक अप्रैल को बिजली बकाए पर काट दी।
ऋषभ, रामपुर सकरिया, अंबेडकरनगर
उत्तर. औसतन हर माह जो आपका बिल के रूप में खर्च आता है, उतने का रिचार्ज यूपीपीसीएल स्मार्ट एप पर जाकर कर लें। समय समय पर एप पर जाकर बिजली की खपत का बैलेंस देख सकते हैं।
प्र. मेरे घर में सोलर लगा है और बिल में सोलर से बनने वाली यूनिट नहीं जुड़ती है और न ही घटती है। मेरा खाता संख्या 8919361944 है। प्री पेड नहीं करना चाहिए।
विमल गुप्ता, जानकीपुरम, लखनऊ ।
उत्तर. ऐसा नहीं होना चाहिए। आपका खाता संख्या नोट कर लिया है, आप द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर फोन आएगा और समस्या दूर की जाएगी।
प्र. नेट मीटर है, सोलर की सरप्लस बिजली 1339 यूनिट मीटर में दिख रही है। उसके बाद भी प्री पेड मीटर में बिल माइनस में दिखाकर काट दिया जा रहा है। छह माह से परेशान हैं।
जावेद अहमद सिद्दीकी, गढ़ी पीर खां, लखनऊ
उ. आपकी समस्या हल होगी, मौके पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। आपका फोन नंबर नोट कर लिया गया है।
प्र. मेरा कनेक्शन पोस्ट पेड से प्री पेड कर दिया गया। मैं इसका विरोध करता हूं। अब बिल भेजा गया है एक लाख से अधिक है। मैं समय से बिल जमा करने वाला उपभोक्ता हूं। सोलर भी लगा है। मैं परेशान हो गया हूं। खाता संख्या 2358490000 है।
अशोक कुमार मौर्य, विकास नगर भवन संख्या 1/455
उत्तर. आपकी समस्या हर हाल में दूर कराई जाएगी, बिल से जुड़ी। प्री पेड कैसे हैंडल करना है, टीम भेजकर आपको बताया जाएगा।
प्र. पोस्ट पेड से प्री पेड कर दिया। पहले बिल 6085 रुपये जमा किया। फिर मंगलवार सुबह पांच सौ का रिचार्ज कराया। मीटर पाजिटिव में है। फिर भी बिजली नहीं आई। प्री पेड से पोस्ट करवा दीजिए। खाता संख्या 2266047000 है
दिव्या वर्मा, बैसवारा, लालगंज, रायबरेली
उत्तर. आपका खाता नोट कर लिया गया है। संबंधित अधिकारी आपको फोन करेंगे और समस्या दूर कराएंगे।
प्र. मेरा कनेक्शन पोस्ट पेड से प्री पेड क्यों किया गया, नेट मीटर है मेरा। यह गलत है।
बीबी सिंह, बुद्धेश्वर, लखनऊ। श्री कृष्ण शर्मा, राम नगर, बाराबंकी, सौरभ कुमार यादव, सीतापुर।
उत्तर. यह नीतिगत मामला है, अगर कोई दिशा निर्देश प्राप्त होते हैं तो जरूर मदद की जाएगी और पोस्ट पेड से प्री पेड मीटर होंगे।
प्र. स्मार्ट मीटर पहले लगाया, उसी से बिल ज्यादा आ रहा था, अब प्री पेड कर दिया और मीटर भागने लगा। यह सही नहीं है। कमर्शियल मीटर है।
विवेक कुमार, बल्दीराय, सुलतानपुर
उत्तर. आपको स्थानीय स्तर पर अभियंताओं से मिलकर चेक मीटर लगवाना चाहिए। एक बार आंतरिक वायरिंग की जांच करवा लें।
प्र. 22 सौ यूनिट सरप्लस मीटर में हैं। इसके बाद भी बिलिंग की समस्या है। टोल फ्री नंबर 1912 पर शिकायत की। बिना समस्या हल करे, मैसेज आ जाता है समस्या हल हो गई।
आलोक कुमार तिवारी, शास्त्रीनगर, लखीमपुर
उत्तर. आपसे संबंधित अधिकारी बात करके, पूरा मामला दिखवाएंगे। परेशान मत होइए। नियमानुसार पूरी मदद की जाएगी।
प्र. प्रोविजनल बिल बनाकर छह माह से भेजा जा रहा है। इतनी बिजली की खपत भी नहीं है, जितना बिल आ रहा है। 1912 पर दस बार शिकायत की, कोई सुनवाई नहीं।
अमित अग्रवाल, बलरामपुर
उ. मौके पर टीम भेजकर रीडिंग ली जाएगी और बिल ठीक कराया जाएगा। भविष्य में भी बिल मिलता रहेगा।
प्र. मीटर पाजिटिव में है। इसके बाद भी दो दिन से बिजली नहीं आ रही है। खाता संख्या 3722126023 है। नीबू पार्क, रेजीडेंसी, चौक सब चक्कर लगा चुका हूं।
मदल लाल अग्रवाल, मोतीनगर, ऐशबाग, लखनऊ
उत्तर. अगर मीटर पाजिटिव है, तो कही मत जाइए। बिल चंद घंटाें में जुड़ जाएगी।
प्र. मेरे रजिस्टर्ड नंबर पर ओटीपी नहीं आ रहा है। खाता संख्या 23677599835 है। प्रयास के बाद भी समस्या हल नहीं हुई।
सोनी यादव, डालीगंज, लखनऊ
उत्तर. आपका खाता संख्या नोट कर लिया है। यह तकनीकी दिक्कत दूर कराई जाएगी। जरूरत पड़ी तो आपको अपना मोबाइल लेकर आना होगा।
प्र. घर में पहले पोस्ट पेड था तो बिल दो परिवारों में आसानी से विभाजित हो जाता था। अब प्री पेड मीटर हो गया है। कैसे विभाजित करे?
कृपया पोस्ट पेड फिर करवा दें।
अजय कुमार त्रिवेदी, सेक्टर चार, विकास नगर।
उत्तर. आपकी यह व्यक्तिगत समस्या है। फिर भी सुझाव हैं कि दूसरा कनेक्शन ले लीजिए।
प्र. मेरी दुकान बंद थी, उसके बाहर लगे मीटर को पहले स्मार्ट मीटर किया और फिर प्री पेड कर दिया। यह तरीका ठीक नहीं है।
राजीव अग्रवाल, गोंडा
उ. प्रदेश भर में पोस्ट पेड से प्री पेड मीटर किया जा रहा है। उसी क्रम में यह किया गया है।
अजय कुमार त्रिवेदी, सेक्टर चार, विकास नगर