मानेसर में 17 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, राव नरबीर ने दिए अतिक्रमण हटाने के निर्देश
- By Gaurav --
- Friday, 08 May, 2026
Rao Narbir Singh Launches
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शुक्रवार को मानेसर नगर निगम कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में एनएचएआई, एचएसआईआईडीसी, एचएसवीपी, डीएचबीवीएन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मंत्री राव नरबीर सिंह ने विभागों के बीच बेहतर तालमेल के साथ जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर निगम मानेसर द्वारा करवाए जा रहे करीब 17 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया गया।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में सरकारी भूमि, जोहड़ों और गांवों के मुख्य मार्गों को अगले दो महीनों के भीतर अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि जोहड़ों का जीर्णोद्धार कर उनमें एसटीपी का पानी भरकर जल पुनर्भरण (वाटर रिचार्ज) सुनिश्चित किया जाए।
राव नरबीर सिंह ने एचएसवीपी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानेसर क्षेत्र की सोसाइटियों के लिए अलग से श्मशान घाट हेतु भूमि चिन्हित की जाए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सेक्टर-85 में इसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है।
नगर निगम अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि गांव गढ़ी और हरसरू में नहरी पानी की व्यवस्था उपलब्ध करवा दी गई है। अन्य गांवों में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जीएमडीए के साथ समन्वय किया जा रहा है।