Randeep Surjewala Slams

विनेश फोगाट पर WFI की कार्रवाई पर भड़के रणदीप सुरजेवाला, बोले- यह बदले की राजनीति

pp

Randeep Surjewala Slams

भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) द्वारा पहलवान Vinesh Phogat को जारी किए गए शो-कॉज नोटिस और जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने से अयोग्य घोषित किए जाने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस महासचिव Randeep Surjewala ने इस कार्रवाई को “सीधे-सीधे बदले की राजनीति” करार दिया है।

सुरजेवाला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि यह कार्रवाई विनेश फोगाट द्वारा “सच सबके सामने रखने की सजा” है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग और WFI हरियाणा की बेटी को निशाना बना रहे हैं।

उन्होंने लिखा, “प्रतिशोध की अंधी आग में धधकते भाजपा के WFI और बृजभूषण शरण सिंह के गुर्गों को यह जानना होगा कि वे हरियाणा और देश की पहलवान बेटियों की आवाज दबा नहीं पाएंगे और न ही उनका हिमालय जैसा जज़्बा तोड़ पाएंगे।”

कांग्रेस नेता ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी, ओलंपियन और विधायक विनेश फोगाट के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो सामान्य खिलाड़ियों के साथ क्या होता होगा। उन्होंने भाजपा पर खेलों और खिलाड़ियों को राजनीति का शिकार बनाने का आरोप लगाया।

सुरजेवाला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अब मुख्यमंत्री की जुबान क्यों बंद है? वह हरियाणा की होनहार बेटी और विधायक के समर्थन में एक शब्द तक क्यों नहीं बोल पा रहे?”

दरअसल, WFI ने शनिवार को विनेश फोगाट को अनुशासनहीनता और डोपिंग विरोधी नियमों के कथित उल्लंघन के आरोपों में शो-कॉज नोटिस जारी किया था। महासंघ के अनुसार, विनेश ने संन्यास से वापसी के लिए तय नियमों का पालन नहीं किया और एंटी-डोपिंग सिस्टम में निर्धारित अवधि तक उपलब्ध नहीं रहीं। इसी आधार पर उन्हें जून 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने से अयोग्य घोषित किया गया है।