Ram Rahim 30 Days Parole: राम रहीम फिर जेल से आया बाहर; 5 महीने के भीतर दूसरी बार रिहाई, 30 दिनों की पैरोल मिली

राम रहीम फिर जेल से आया बाहर; 5 महीने के भीतर दूसरी बार रिहाई, 30 दिनों की पैरोल मिली, रोहतक से कड़ी सुरक्षा में इस डेरे पर पहुंचा

Ram Rahim Gets 30 Days Parole And Out of Jail Again Breaking News

Ram Rahim Gets 30 Days Parole And Out of Jail Again

Ram Rahim 30 Days Parole: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख (Dera Sacha Sauda Chief) गुरमीत राम रहीम एक बार फिर सुनारिया जेल से रिहा हुआ है। यह 16वीं बार है जब राम रहीम जेल से बाहर आया है। इस बार रहीम रहीम को 30 दिनों की पैरोल दी गई है। मंगलवार सुबह पैरोल मिलने के बाद डेरा प्रमुख रोहतक की सुनारिया जेल से अपने सिरसा डेरे पर पहुंचा। वह पैरोल के दिनों में इसी डेरे में रहने वाला है। रोहतक से उसे कड़ी सुरक्षा में सिरसा डेरे के लिए ले जाया गया। जहां इस दौरान उसके काफिले में कई महंगी SUV गाड़ियां शामिल दिखीं।  

5 महीने के भीतर दूसरी बार रिहाई, समर्थकों में उत्साह

मालूम रहे कि इससे पहले राम रहीम इसी साल 5 जनवरी को 40 दिनों की पैरोल पर जेल से बाहर आया था। यानि 5 महीने के भीतर राम रहीम की यह दूसरी बार जेल से रिहाई है। इधर राम रहीम के जेल से बाहर आने (Ram Rahim Parole 2026) और उसके सिरसा डेरे (Sirsa Dera) में रुकने से समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि अभी यह जानकारी नहीं मिली है कि पैरोल मंजूर करते हुए जेल प्रशासन ने राम रहीम के लिए क्या दिशा-निर्देश तय किए हैं। इससे पहले जब राम रहीम को जेल से छुट्टी दी गई है तो उस पर कुछ शर्तें तय की जाती रहीं हैं।

पिछली पैरोल पर भी डेरा सिरसा ही रहा था राम रहीम

गौरतलब है कि जब 5 जनवरी 2026 को राम रहीम 40 दिनों की पैरोल पर बाहर आया था तो तब भी वह पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच अपने सिरसा डेरे के लिए ही रवाना हुआ था। वह पैरोल के दिनों में इसी डेरे में रहा था। जबकि इससे पहले जब 5 अगस्त 2025 को 40 दिन की पैरोल पर राम रहीम सुनारिया जेल से बाहर आया तो तब भी वह सिरसा डेरा ही रहा था। इसी तरह 9 अप्रैल 2025 को राम रहीम 21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर आया था। तब भी वह (Gurmeet Ram Rahim) जेल से निकलने के बाद सिरसा डेरे में ही जाकर रहा था।

वहीं जब दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जब जनवरी 2025 में राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली थी। तब इस दौरान भी वह सिरसा डेरे में ही जाकर रहा था। जबकि इससे पहले वह जेल से बाहर आने पर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा आश्रम के लिए जाता रहा है और यहीं जेल से आजादी के अपने दिन काटे हैं। फिलहाल अब यह पांचवा मौका होगा जब जेल से बाहर आन के बाद राम रहीम सिरसा स्थित अपने डेरे में रुक रहा है। सिरसा डेरा राम रहीम का सबसे बड़ा और सबसे प्रमुख डेरा है।

राम रहीम के जेल से बाहर आने पर विरोध

पिछले 5 सालों में राम रहीम को कहीं फरलो तो कहीं पैरोल मिलती ही जा रही है। वहीं अब एक बार फिर से राम रहीम को जेल से बाहर निकालने पर विरोध देखा जा रहा है। लोग राम रहीम को जेल से बाहर करने पर हरियाणा सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि, हरियाणा सरकार आखिर राम रहीम पर इतनी मेहरबान क्यों हो रही है कि बार-बार उसे जेल से बाहर आने की छूट दी जा रही है। ऐसा लगता है जैसे राम रहीम के लिए जेल मनोरंजन हो गई हो।

लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि, अगर राम रहीम को बार-बार जेल से बाहर ही निकालना है तो फिर जेल में रखा ही क्यों है? राम रहीम को लेकर सरकार का यह रवैया संदेह पैदा करता है। लोग राम रहीम का जेल से बाहर आना चुनावी फायदे से भी जोड़ते हैं। वहीं दूसरी तरफ गुरमीत राम रहीम को जेल से बाहर निकालने के फैसले का शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की तरफ से भी विरोध किया जा चुका है। SGPC ने हाईकोर्ट में याचिका लगाकर राम रहीम को बार-बार जेल से बाहर लाने का विरोध जताया था।

कब-कब जेल से बाहर आया राम रहीम?

डेरा चीफ राम रहीम 2017 से रोहतक सुनारिया जेल में बंद है। राम रहीम को सबसे पहले 24 अक्टूबर 2020 में एक दिन की पैरोल मिली और फिर 21 मई 2021 में 48 घंटे की पैरोल मिली। इसके बाद 7 फरवरी 2022 में राम रहीम को पहली बार 21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर किया गया। इसके बाद 17 जून 2022 में 30 दिन की पैरोल, 14 अक्टूबर 2022 में 40 दिन की पैरोल, 21 जनवरी 2023 में 40 दिन की पैरोल, 30 जुलाई 2023 में 30 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया।

इसी प्रकार 21 नवंबर 2023 में 21 दिन की फरलो, 19 जनवरी 2024 में 50 दिन की पैरोल और अब 13 अगस्त 2024 में 21 दिन की फरलो पर राम रहीम जेल से बाहर आया। वहीं हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले 2 अक्टूबर 2024 को राम रहीम को 20 दिन की पैरोल मिली। इसके बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले 28 जनवरी 2025 को 30 दिन की पैरोल मिली। इसके बाद 9 अप्रैल 2025 को 21 दिन की फरलो पर राम रहीम जेल से बाहर आया, इसके बाद 5 अगस्त को 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया। इसके बाद 5 जनवरी 2026 को जेल से बाहर आया और अब 16वीं बार आज से जेल रिहा हुआ है।

दो मामलों में बरी हो चुका राम रहीम

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख (Dera Sacha Sauda Chief) गुरमीत राम रहीम 2 मामलों में बरी हो चुका है। हाल ही में 7 मार्च 2026 को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में पंचकूला स्पेशल CBI कोर्ट के फैसले को पलटते हुए राम रहीम को बरी कर दिया था। CBI कोर्ट ने 2019 में राम रहीम और अन्य आरोपियों को इस हत्याकांड में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इस मामले में हाईकोर्ट ने सिर्फ राम रहीम को बरी किया, इस मामले में अन्य 3 आरोपियों की सजा को बरकरार रखा गया। हाईकोर्ट ने कहा था कि छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम के साजिशकर्ता होने के पर्याप्त सबूत नहीं हैं।

वहीं इससे पहले राम रहीम डेरा मैनेजर रणजीत हत्याकांड में हाईकोर्ट से बरी हो चुका है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई ने इस फैसले को चुनौती दी हुई है। बता दें कि पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने 28 मई 2024 को राम रहीम को रणजीत सिंह हत्याकांड मामले में बरी कर दिया था। हाईकोर्ट ने निचली अदालत (CBI कोर्ट) के दोषी करार देने और सजा के फैसले को पलट दिया था। राम रहीम के साथ 4 अन्य आरोपियों को भी बरी किया गया था।

फैसला सुनाते हुए हाईकोर्ट ने कहा था कि सबूतों के अभाव में राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) पर दोष सिद्ध नहीं हो रहा है। बता दें कि इस हत्याकांड में पंचकूला स्पेशल CBI कोर्ट ने अक्टूबर 2021 में राम रहीम और अन्य आरोपियों को उम्रक़ैद की सजा सुनाई थी। जुलाई 2002 में डेरा के पूर्व मैनेजर रंजीत सिंह की हत्या की गई थी।

मगर अभी जेल में ही रहेगा राम रहीम

पत्रकार हत्याकांड और रणजीत हत्याकांड में भले ही राम रहीम हाईकोर्ट से बरी हो गया है, मगर अभी उसे जेल में ही रहना होगा। दरअसल राम रहीम अभी साध्वियों से रेप मामले में दोषी है, सबसे पहले 2017 में राम रहीम को साध्वियों से यौन शोषण मामले में ही पंचकूला स्पेशल CBI कोर्ट द्वारा दोषी ठहराते हुए 20 साल की सजा सुनाई गई थी। राम रहीम रोहतक सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। बता दें कि राम रहीम को सजा होने के बाद भी उसके अनुयायी काफी बड़ी संख्या में हैं जो डेरा प्रमुख के लिए पागल रहते हैं और उसका हर निर्देश मानते हैं। हालांकि दूसरी ओर एक बड़ी संख्या में लोग राम रहीम को बलात्कारी मानते हुए उसका विरोध करते हुए भी नजर आते हैं।