Ram Rahim Acquitted: राम रहीम को पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में किया बरी: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने CBI कोर्ट का फैसला पलटा

राम रहीम को पत्रकार छत्रपति हत्याकांड में किया बरी: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने CBI कोर्ट का फैसला पलटा, उम्रकैद की सजा सुनाई थी

Ram Rahim Acquitted in Journalist Chhatrapati Murder Case Breaking

Ram Rahim Acquitted in Journalist Chhatrapati Murder Case Breaking

Ram Rahim Acquitted: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख (Dera Sacha Sauda Chief) गुरमीत राम रहीम को एक और हत्याकांड में बरी कर दिया गया है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में पंचकूला स्पेशल CBI कोर्ट के फैसले को पलटते हुए राम रहीम को बरी कर दिया है। CBI कोर्ट ने 2019 में राम रहीम और अन्य आरोपियों को इस हत्याकांड में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हाईकोर्ट ने सिर्फ राम रहीम को बरी किया है, इस मामले में अन्य 3 आरोपियों की सजा को बरकरार रखा गया है।

राम रहीम ने हाईकोर्ट में दाखिल की थी याचिका

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने हाल ही में सीबीआई कोर्ट के फैसले के खिलाफ पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी और कोर्ट से मांग की थी सजा को रद्द किया जाये। राम रहीम ने खुद को बेकसूर बताया था। वहीं इससे पहले राम रहीम की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। आज फैसला सुनाते हुए हाईकोर्ट ने कहा कि छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम के साजिशकर्ता होने के पर्याप्त सबूत नहीं हैं। जिस वजह से राम रहीम को बरी किया जा रहा है।

छत्रपति के परिवार ने कहा- सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा राम रहीम को बरी किए जाने पर पत्रकार छत्रपति के परिवार ने कहा कि कोर्ट का यह फैसला उनके लिए बड़ा धक्का है। परिवार का कहना है कि वह हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे और मांग करेंगे कि CBI कोर्ट का फैसला बरकरार रखा जाये। परिवार ने कहा कि राम रहीम छत्रपति हत्याकांड में मुख्य आरोपी है और उसके इशारे पर ही हत्या की गई थी। क्योंकि छत्रपति ने डेरामुखी को एक्सपोज कर दिया था। 2002 में सिरसा के पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या की गई थी।

मई 2024 में रणजीत सिंह हत्याकांड में फैसला पलटा

राम रहीम इससे पहले डेरा मैनेजर रणजीत हत्याकांड में हाईकोर्ट से बरी हो चुका है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई ने इस फैसले को चुनौती दी हुई है। बता दें कि पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने 28 मई 2024 को राम रहीम को रणजीत सिंह हत्याकांड मामले में बरी कर दिया था। हाईकोर्ट ने निचली अदालत (CBI कोर्ट) के दोषी करार देने और सजा के फैसले को पलट दिया था। राम रहीम के साथ 4 अन्य आरोपियों को भी बरी किया गया था। हाईकोर्ट ने कहा था कि सबूतों के अभाव में राम रहीम पर दोष सिद्ध नहीं हो रहा है। बता दें कि इस हत्याकांड में पंचकूला स्पेशल CBI कोर्ट ने अक्टूबर 2021 में राम रहीम और अन्य आरोपियों को उम्रक़ैद की सजा सुनाई थी। जुलाई 2002 में डेरा के पूर्व मैनेजर रंजीत सिंह की हत्या की गई थी।

मगर अभी जेल में ही रहेगा राम रहीम

राम रहीम चर्चित पत्रकार हत्याकांड और रणजीत हत्याकांड में भले ही हाईकोर्ट से बरी हो गया है, मगर अभी उसे जेल में ही रहना होगा। दरअसल राम रहीम अभी साध्वियों से रेप मामले में दोषी है, सबसे पहले 2017 में राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) को साध्वियों से यौन शोषण मामले में पंचकूला स्पेशल CBI कोर्ट द्वारा दोषी ठहराते हुए 20 साल की सजा सुनाई गई थी। राम रहीम रोहतक सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। वह इस साल 5 जनवरी 2025 को 15वीं बार जेल से बाहर भी आया था। रहीम रहीम को 40 दिन की पैरोल दी गई थी। पैरोल के दिनों में वह अपने सिरसा डेरे में रहा था।