'थनै कठै जाणो है?' विधायक देवेंद्र जोशी का जवाब हुआ वायरल, जोधपुर एयर कनेक्टिविटी पर सवाल से छिड़ी चर्चा

nrllk3os_devendra-joshi_625x300_18_June_26

'Where do you have to go?' MLA Devendra Joshi's reply goes viral

'Where do you have to go?'........ सोशल मीडिया के दौर में कई बार कुछ सेकंड का वीडियो पूरे घटनाक्रम की तस्वीर बदल देता है. पिछले दो दिनों से जोधपुर की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का ऐसा ही वीडियो काफी चर्चा में है. वीडियो में सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी ने पत्रकार के एक सवाल के जवाब में कुछ ऐसा कह दिया जो अब जमकर वायरल हो रहा है. उनके इस बयान के बाद वहां मौजूद लोग भी हंस पड़ते हैं. हालांकि सोशल मीडिया पर वीडियो के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार इस बातचीत का संदर्भ पारिवारिक अपनत्व और आपसी परिचय से जुड़ा हुआ था.

Devendra Joshi

 

क्या था पूरा मामला?

दरअसल, केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, शहर विधायक अतुल भंसाली और सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी मौजूद थे. इसी दौरान एक पत्रकार ने जोधपुर में एयर कनेक्टिविटी को लेकर सवाल पूछा.

  • पत्रकार ने पूछा- 'जोधपुर में डोमेस्टिक एयरलाइंस कब शुरू होगी?'
  • इस पर विधायक देवेंद्र जोशी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, 'थनै कठै जाणो है? (तुझे कहां जाना है?)
  • उनके इस जवाब के बाद मंच और हॉल में मौजूद कई लोग हंस पड़े.

दरअसल, स्थानीय स्तर पर जानकारी रखने वाले लोगों का कहना है कि सवाल पूछने वाले पत्रकार और विधायक देवेंद्र जोशी के बीच पारिवारिक और आत्मीय संबंध हैं. मारवाड़ की सामाजिक संस्कृति में बड़े-बुजुर्ग अक्सर अपनेपन के साथ इस तरह की टोका-टोकी और मजाकिया अंदाज में बातचीत करते हैं. इसी संदर्भ में विधायक ने पत्रकार को संबोधित किया था.

विधायक के बयान से सोशल मीडिया पर बढ़ी चर्चा

वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने इसे अलग नजरिए से पेश किया, जबकि कई लोगों का मानना है कि किसी भी वीडियो को उसके पूरे संदर्भ के साथ समझना जरूरी है. कुछ सेकंड की क्लिप अक्सर घटनाक्रम की पूरी तस्वीर नहीं दिखाती. वायरल वीडियो के साथ जोधपुर की एयर कनेक्टिविटी का मुद्दा भी चर्चा में आ गया. जोधपुर एयरपोर्ट से वर्तमान में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु समेत कई शहरों के लिए उड़ानें संचालित हो रही हैं. हालांकि लोग नई उड़ानों और बेहतर कनेक्टिविटी की मांग लगातार उठाते रहे हैं.