राजस्थान पुलिस में हलचल: IG कालूराम रावत 3 महीने से लापता; विभाग ने जारी किया 'रिकॉल नोटिस'

राजस्थान पुलिस में हलचल: IG कालूराम रावत 3 महीने से लापता; विभाग ने जारी किया 'रिकॉल नोटिस'

Rajasthan Police in turmoil: IG Kaluram Rawat missing

Rajasthan Police in turmoil: IG Kaluram Rawat missing

राजस्थान पुलिस महकमे से एक बेहद ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है. विभाग के एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पिछले तीन महीनों से बिना किसी सूचना के ड्यूटी से गायब हैं. एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग ब्रांच के आईजी कालूराम रावत 12 जनवरी 2026 के बाद से ही कार्यालय नहीं पहुंचे हैं. बताया जा रहा है कि उन्होंने 12 जनवरी को केवल एक दिन की छुट्टी का मैसेज अपने वरिष्ठ अधिकारी को भेजा था. इसके बाद से विभाग को उनकी कोई जानकारी नहीं मिली है.

23 फरवरी को हुआ था ट्रांसफर

कालूराम रावत जुलाई-2025 में पुलिस मुख्यालय में डीआईजी पुलिस हाउसिंग के पद पर नियुक्त हुए थे. 12 जनवरी को उन्होंने बुखार की वजह कहकर कार्यालय नहीं आने की बात कही. इसी दौरान उनका प्रमोशन हो गया और वे आईजी बन गए. 23 फरवरी को उनका तबादला आईजी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग ब्रांच में किया गया. लेकिन उन्होंने इस पद पर भी जॉइन नहीं किया. 

कई दिनों तक विभाग ने किया इंतजार

कई दिनों तक इंतजार के बाद विभाग के अधिकारियों ने इस मामले की जानकारी उच्च स्तर पर दी, जिसके बाद एडीजी कार्मिक बीजू जॉर्ज जोसेफ ने रावत को रिकॉल नोटिस जारी किया. रावत की गिनती राजस्थान के उत्कृष्ट पुलिस अधिकारियों में होती है. उन्हें उल्लेखनीय कामों के लिए सम्मानित भी किया जा चुका है.

बिना सूचना कहां गायब है IPS?

एडीजी कार्मिक के अनुसार, अभी तक इस नोटिस का कोई जवाब नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि यदि कोई वैध कारण है तो अधिकारी छुट्टी ले सकते हैं. इस मामले ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है. सवाल उठ रहे हैं कि एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी का इतने लंबे समय तक बिना सूचना गायब रहना कैसे संभव है.