ईद पर राजस्थान के जोधपुर में भारी हिंसा: दो समुदायों के बीच हुई झड़प, मोर्चा संभालते पुलिसवाले भी घायल, धारा-144 के साथ इंटरनेट सेवा बंद

ईद पर राजस्थान के जोधपुर में भारी हिंसा: दो समुदायों के बीच हुई झड़प, मोर्चा संभालते पुलिसवाले भी घायल, धारा-144 के साथ इंटरनेट सेवा बंद

Rajasthan Jodhpur Violence

Rajasthan Jodhpur Violence

Jodhpur Violance : राजस्थान के करौली में हिंसा की स्थिति दिखने के बाद अब ईद (Eid al-Fitr 2022) के मौके पर जोधपुर (Jodhpur) में भारी हिंसा देखने को मिली है| जानकारी के अनुसार, जोधपुर के जालौरी गेट क्षेत्र (Jalori Gate) में झंडे को लेकर दो समुदायों के बीच बवाल पैदा हुआ और स्थिति हिंसा में बदल गई| दोनों समुदायों के बीच झड़प शुरू हो गई और उपद्रव होने लगा| जिसके बाद देखते ही देखते माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया| इधर, इस बिगड़ते माहौल को शांत करने के लिए पुलिस को दमखम के साथ मोर्चा संभालना पड़ा| जहां मोर्चा संभालते हुए कई पुलिसवालों के भी घायल होने की खबर है|

फिलहाल, इस हिंसा के बाद जोधपुर में भारी पुलिसफोर्स मौजूद है और तनाव को देखते हुए इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है| इसके साथ ही धारा- 144 भी लागू है| अभी स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है| जोधपुर के पुलिस कमिश्नर नवज्योति गोगोई ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है| धारा 144 पहले से ही लागू है और इंटरनेट सेवा भी ठप कर दी गई है| पुलिस फ्लैग मार्च भी करेगी| इसके साथ ही घटना में क़ानून के तहत आगे कार्रवाई की जाएगी| पुलिस कमिश्नर नवज्योति गोगोई ने बताया कि पुलिसकर्मी घायल जरूर हुए हैं लेकिन कोई भी पुलिसकर्मी गंभीर तौर पर घायल नहीं हुआ है।

सीएम अशोक गहलोत की अपील....

इधर, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है| गहलोत ने ट्वीट करते हुए लिखा- जालौरी गेट, जोधपुर पर दो गुटों में झड़प से तनाव पैदा होना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को हर कीमत पर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जोधपुर, मारवाड़ की प्रेम एवं भाईचारे की परंपरा का सम्मान करते हुए मैं सभी पक्षों से मार्मिक अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें एवं कानून-व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।

केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने साधा निशाना...

वहीं, जोधपुर घटना पर बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ये एक सनकी साजिश है जिससे देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हो रही है। जो लोग सरकार में हैं चाहे फिर वे राजस्थान में हों या कहीं और उनके लिए सेक्युलरिज्म सियासी वोटों का सौदा बन गया है। गुनहगारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए|