नवरात्रि पर राजस्थान सीएम भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी को भेंट की चंदन की मां दुर्गा प्रतिमा
Rajasthan CM Bhajanlal Sharma presented
Rajasthan News: Rajasthan CM Bhajanlal Sharma presented, नवरात्रि के पावन पर्व के बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) से संसद परिसर में शिष्टाचार भेंट की. यह मुलाकात न केवल प्रदेश के विकास के संकल्पों का संगम रही, बल्कि इसमें भारतीय हस्तशिल्प की एक ऐसी गौरवशाली गाथा भी देखने को मिली, जिसका सीधा संबंध देश के सर्वोच्च सम्मानों से है.
11 नेशनल अवार्ड्स वाली कला का कमाल
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को चंदन की लकड़ी से बनी मां दुर्गा की एक दिव्य प्रतिमा भेंट की. इस भेंट की सबसे खास बात इसकी विरासत है. इस मूर्ति को जयपुर के प्रसिद्ध कलाकार मोहित जांगिड़ ने तैयार किया है, जिनका परिवार पिछली चार पीढ़ियों से चंदन की नक्काशी के संरक्षण में जुटा है. कला के प्रति इस परिवार के समर्पण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि परिवार के 11 सदस्यों को अब तक राष्ट्रीय पुरस्कार (National Awards) से सम्मानित किया जा चुका है.
नक्काशी में दिखी भक्ति और शक्ति
नवरात्रि के अवसर पर भेंट की गई यह प्रतिमा भारतीय शिल्पकला का एक उत्कृष्ट उदाहरण है. इसमें बारीक नक्काशी, भावपूर्ण मुखाकृति और पारंपरिक अलंकरण का ऐसा सुंदर समावेश है, जो इसे केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि कला और पारिवारिक विरासत की एक जीवंत पहचान बनाता है. यह उपहार राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और हुनरमंद कलाकारों की मेहनत का प्रतिनिधित्व करता है.
विकास और मार्गदर्शन पर चर्चा
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच और स्पष्ट दिशा-निर्देश राजस्थान को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं. उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व को प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति बताया और कहा कि राजस्थान की जनता के प्रति उनका स्नेह ही राज्य की प्रगति का मुख्य आधार है.