राजस्थान विधानसभा बजट सत्र 23 फरवरी: प्रश्नकाल, अनुदान और याचिकाओं से भरा दिन
Rajasthan Assembly Budget Session February 23
Rajasthan Assembly News: Rajasthan Assembly Budget - राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में आज (23 फरवरी) का दिन बेहद गहमागहमी भरा रहने वाला है. एक तरफ जहां विपक्ष (कांग्रेस) अपनी रणनीतियों को धार देने के लिए बैठक कर रहा है, वहीं दूसरी ओर सत्ता पक्ष को सदन में कई कड़े सवालों का जवाब देना होगा.
कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक
विधानसभा में शनिवार को सत्ता पक्ष और कांग्रेस विधायकों के बीच दो साल बनाम पांच साल के काम को लेकर तीखी बहस हुई थी. इस गतिरोध और सदन के मौजूदा हालातों को देखते हुए आज सुबह 10 बजे विधानसभा परिसर की विपक्ष लॉबी में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक बुलाई गई है. माना जा रहा है कि कांग्रेस आज सदन में सरकार को घेरने के लिए नया चक्रव्यूह तैयार करेगी.
प्रश्नकाल में होगी विभागों की लगेगी हाजिरी
वही विधानसभा की आज की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें आज कृषि, उद्योग, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, जनजाति क्षेत्रीय विकास, राजस्व, सहकारिता और ऊर्जा विभाग से जुड़े विषयों पर सरकार से सवाल होंगे.
बजट का दूसरा चरण
इसके अलावा बजट प्रक्रिया के दूसरे चरण के तहत अनुदान की मांगों पर चर्चा होगी. जिसके बाद तीन विभागों की अनुदान मांगों को पारित किया जाएगा. जिसमें जनजाति क्षेत्रीय विकास, उच्च शिक्षा और वन एवं पर्यावरण विभाग शामिल है.
बंदरों का आतंक और पेंशन की अड़चन के साथ पेश होंगे ये ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
इसके अलावा सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी. जिसमें विधायक मनीष यादव, नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा का ध्यान जयपुर के शाहपुरा में बंदरों के आतंक से उत्पन्न स्थिति के संबंध में ध्यान आकर्षण करेंगे. वे इस मुद्दे के जरिए वे नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा का ध्यान इस ओर आकर्षित करेंगे। विधायक अनिता भदेल ने विश्वकर्मा अंशदायी पेंशन योजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को लेकर ध्यान आकर्षण प्रस्ताव लगाया है और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री का ध्यान इस विषय पर आकर्षित करेंगी.
पशु चिकित्सालय से लेकर जिला अस्पताल तक याचिकाओं की झड़ी
आज सदन में कई महत्वपूर्ण याचिकाएं पेश की जाएंगी, जो सीधे तौर पर क्षेत्रीय विकास से जुड़ी हैं. जिसमें विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी राजसमंद जिला मुख्यालय पर बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय के भवन निर्माण के लिए बजट आवंटन और शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की याचिका लगाएंगी. विधायक फूल सिंह मीणा उदयपुर ग्रामीण के कागो का नोहरा शोभागपुरा में पेयजल व्यवस्था के लिए पाइपलाइन बिछाने की मांग से जुड़ी याचिका प्रस्तुत करेंगे.
विधायक बाबूसिंह राठौड़ शेरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बालेसर को जिला अस्पताल तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चामू को उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत करने की याचिका लगाएंगे. साथ ही शेरगढ़ क्षेत्र में पशु उप केंद्रों को पशु चिकित्सालयों में क्रमोन्नत करने की मांग भी उठाएंगे.