पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी की चर्चाओं पर राजा वड़िंग का जवाब, बोले- पार्टी पूरी तरह एकजुट
Raja Warring responds to talk of factionalism within the Punjab
चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में जारी सियासी चर्चाओं के बीच प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पार्टी में किसी भी तरह की गुटबाजी से साफ इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और नेताओं की अलग-अलग बैठकों को विवाद के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
राजा वड़िंग ने कहा कि उन्होंने अपने निजी सोशल मीडिया अकाउंट से पार्टी की एकजुटता का संदेश देने वाली तस्वीर साझा की है, जिसमें कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता एक साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह तस्वीर ही बताती है कि पार्टी नेतृत्व एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आवास पर हुई बैठक को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। वड़िंग ने कहा कि यह किसी गुट की बैठक नहीं थी, बल्कि कांग्रेस को मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ नेताओं की सामान्य बैठक थी। चन्नी अब प्रदेश कांग्रेस की कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष हैं और कई नेता उनसे मिलने पहुंचे थे। जो उस दिन नहीं पहुंच सके, वे आगे भी उनसे मिल सकते हैं।
कांग्रेस को मजबूत करने पर हुई बैठक
वड़िंग ने कहा कि आज मोहाली में हुई बैठक भी कांग्रेस को मजबूत करने के लिए थी। उन्होंने कहा कि हर बैठक में सभी नेताओं का मौजूद होना जरूरी नहीं होता। आज की बैठक में प्रताप सिंह बाजवा, ओपी सोनी, राणा केपी सिंह और अरुणा चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद नहीं थे, लेकिन इससे किसी तरह के मतभेद का निष्कर्ष नहीं निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के साथ उनकी अलग-अलग बैठकें हो चुकी हैं और सभी पार्टी के साथ खड़े हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के अंदर होने वाली चर्चाओं को सार्वजनिक करना उचित नहीं है। उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार एकजुट है और इसे विवाद का रूप नहीं दिया जाना चाहिए।
मतभेद नहीं, चुनावी तैयारी पर फोकस
उन्होंने कहा कि यदि चन्नी के घर हुई बैठक किसी विरोध का हिस्सा होती तो वहां से पार्टी या प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ बयान सामने आते, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। इससे स्पष्ट है कि सभी नेता कांग्रेस की मजबूती के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। वड़िंग ने दावा किया कि अगले एक-दो दिनों में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता एक मंच पर दिखाई देंगे।
चरणजीत सिंह चन्नी के दिल्ली दौरे को लेकर पूछे गए सवाल पर वड़िंग ने कहा कि वह किसी के दौरे का कार्यक्रम सार्वजनिक नहीं करते। मीडिया में कांग्रेस की खबरों को प्रमुखता मिलने पर उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि अब कांग्रेस की गतिविधियों को जगह मिल रही है। साथ ही उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि अगली बार जब उनकी चन्नी से फोन पर बात होगी तो उनकी अनुमति लेकर बातचीत रिकॉर्ड कर लेंगे, ताकि सभी को पार्टी की एकजुटता का प्रमाण मिल सके।