लखनऊ में रैथा मार्ग निर्माण: आइआइएम रोड से कनेक्शन, पहली किस्त जारी
Raitha Road construction in Lucknow: Connection to IIM Road,
लखनऊ। Raitha Road construction in Lucknow: राष्ट्र प्रेरणा स्थल से जल्द ही रैथा मार्ग भी जोड़ा जाएगा। पांच किलोमीटर लंबी सड़क आइआइएम रोड से नैमिष नगर होकर रैथा मार्ग तक जाएगी। शासन से 23 करोड़ 87 लाख 90 हजार रुपये की पहली किस्त जारी हो गई है। इससे शहर में आवागमन और बेहतर हो जाएगा। सीतापुर मार्ग पर जाम होने की स्थिति में लोग रैथा मार्ग होकर आसानी से आ-जा सकेंगे।
आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग एक के विशेष सचिव राजेश कुमार राय ने लखनऊ विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को प्रशासकीय व वित्तीय स्वीकृति भेज दिया है। पत्र में लिखा है कि आइआइएम रोड से नैमिष नगर होते हुए रैथा मार्ग तक सड़क बनाई जाएगी। इस परियोजना पर 68 करोड़ 22 लाख 57 हजार रुपये खर्च होना है। योजना की पहली किस्त 23 करोड़ 87 लाख 90 हजार रुपये जारी कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि आइआइएम रोड तक एलडीए ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण करा रहा है। उसी मार्ग से रैथा मार्ग तक पांच किलोमीटर लंबा मार्ग बनाया जाएगा, इससे पूरे क्षेत्र को फायदा होगा। एलडीए की नैमिष नगर योजना के लिए अभी किसानों से भूमि लेने की प्रक्रिया चल रही है।
बैकुंठधाम फोरलेन ब्रिज को दूसरी किस्त जारी
गोमती नदी पर फ्लड पंपिंग स्टेशन से बैकुंठधाम तक फोरलेन ब्रिज बनाया जा रहा है। इस पर 67 करोड़ 36 लाख 59 हजार रुपये खर्च होंगे। आवास एवं शहरी नियोजन अनुभाग एक के विशेष सचिव ने योजना की दूसरी किस्त 23 करोड़ 57 लाख 80 हजार रुपये स्वीकृत कर दिया गया है। इससे निर्माण कार्य और तेज होगा और परियोजना इसी साल तैयार हो सकेगी। इससे ग्रीन कारिडोर से आवागमन करने वालों को सहूलियत मिलेगी।